महापुरुषों के विचारों से बूथ तक संगठन को नई ऊर्जा, भाजपा मंडल जवाली की मासिक बैठक में कार्यकर्ताओं को मिला संगठन विस्तार का मंत्र



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** कोराई (जवाली) भारतीय जनता पार्टी मंडल जवाली की मासिक संगठनात्मक बैठक ग्राम कोराई स्थित बूथ क्रमांक 83 में मंडल प्रभारी चूलेश्वर राठौर एवं मंडल अध्यक्ष श्रवण तंवर की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुई। बैठक में संगठन की मजबूती, बूथ सशक्तिकरण, डिजिटल प्रशिक्षण, सदस्यता विस्तार तथा आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही महापुरुषों के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के छायाचित्रों का वितरण भी किया गया।

बैठक का शुभारंभ संगठन के प्रेरणास्रोत महापुरुषों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर एवं वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ हुआ। इसके बाद मंडल प्रभारी चूलेश्वर राठौर ने संगठन की विभिन्न गतिविधियों की समीक्षा करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी की वास्तविक शक्ति उसके बूथ स्तर तक सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने प्रत्येक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता से अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया।
बैठक में डिजिटल लर्निंग प्रोग्राम (DLP) के प्रमाण-पत्र डाउनलोड की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिन कार्यकर्ताओं के प्रमाण-पत्र अभी तक डाउनलोड नहीं हुए हैं, उन्हें शीघ्र प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही डिजिटल माध्यमों का अधिकतम उपयोग कर संगठनात्मक कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।
मंडल अध्यक्ष श्रवण तंवर ने बूथ सशक्तिकरण, सदस्यता अभियान, सेवा गतिविधियों, जनसंपर्क कार्यक्रमों एवं आगामी संगठनात्मक अभियानों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाए।
बैठक का एक विशेष आकर्षण मंडल प्रभारी चूलेश्वर राठौर द्वारा भारत माता, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के छायाचित्रों का वितरण रहा। कार्यकर्ताओं ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि महापुरुषों के चित्र और उनके विचार समाज में राष्ट्रवाद, सेवा और संगठन की भावना को और अधिक मजबूत करेंगे तथा नई पीढ़ी को उनके आदर्शों से प्रेरणा मिलेगी।

बैठक में मंडल उपाध्यक्ष श्यामसुंदर पटेल, जिला कार्यसमिति सदस्य सामेलाल, युवा मोर्चा जिला कार्यसमिति सदस्य मनोज यादव, मंत्री ईश्वर बघेल, महामंत्री वीरेंद्र नामदेव, युवा मोर्चा अध्यक्ष हरीश कश्यप, लीला राजवाड़े, दिव्या चौहान, भानुप्रिया, प्रवीण द्विवेदी, शुभम राजवाड़े, प्रफुल्ल पैकरा, अखिलेश साहू, कोषाध्यक्ष गुलाब दास, होरीलाल, पूरन सिंह, मनोज कुमार कुर्रे, अनुसूचित जाति मोर्चा अध्यक्ष बनवाली प्रजापति, गौरीशंकर पटेल, देवेंद्र कुमार साहू, रविशंकर अहीर, राजेंद्र कुमार बघेल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक का संचालन मंडल महामंत्री महेन्द्र यादव ने किया।
बैठक का समापन “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के गगनभेदी उद्घोष के साथ हुआ। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने तथा आगामी सभी कार्यक्रमों को पूरी सक्रियता के साथ सफल बनाने का संकल्प लिया।


