हिड़मा पर कांग्रेस को घेरा भाजपा ने, देवलाल ठाकुर का हमला: “नक्सली का समर्थन कांग्रेस की मानसिकता उजागर करता है”



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//* रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने नक्सलवाद के मुद्दे पर कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि कांग्रेस के कुछ नेताओं द्वारा दुर्दांत नक्सली हिड़मा के प्रति व्यक्त किए गए कथित समर्थन ने पार्टी की सोच और मानसिकता को उजागर कर दिया है। उन्होंने कहा कि ऐसे बयान न केवल दुर्भाग्यपूर्ण हैं, बल्कि नक्सल हिंसा से प्रभावित छत्तीसगढ़ की जनता और शहीदों के परिवारों की भावनाओं को भी आहत करते हैं।
देवलाल ठाकुर ने कहा कि जिस हिड़मा के नाम से बस्तर अंचल के लोग वर्षों तक भय और आतंक का सामना करते रहे, जिसका नाम अनेक नक्सली हिंसक घटनाओं से जुड़ता रहा, उसके प्रति किसी भी प्रकार का समर्थन या प्रशंसा लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रकार के बयान कांग्रेस की नक्सलवाद के प्रति कथित नरम सोच को सामने लाते हैं।
भाजपा प्रवक्ता ने दिवंगत कांग्रेस नेताओं नंदकुमार पटेल, महेंद्र कर्मा और विद्याचरण शुक्ल का उल्लेख करते हुए कहा कि इन नेताओं ने नक्सल हिंसा का सामना किया और अपने प्राणों की आहुति दी। ऐसे में यदि कांग्रेस के वर्तमान नेता नक्सलियों के प्रति सहानुभूति दर्शाने वाले बयान देते हैं, तो यह उन दिवंगत नेताओं के संघर्ष और बलिदान का भी अपमान है।
देवलाल ठाकुर ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज से सार्वजनिक रूप से सवाल किया कि क्या वे हिड़मा का कथित समर्थन करने वाले विधायक अटल श्रीवास्तव से स्पष्टीकरण मांगेंगे या उन्हें नोटिस जारी करेंगे। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस नेतृत्व इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं करता, तो जनता के बीच यह संदेश जाएगा कि पार्टी ऐसे बयानों से स्वयं को अलग नहीं मानती।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी नक्सलवाद के खिलाफ केंद्र और राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे अभियानों के साथ मजबूती से खड़ी है और प्रदेश में शांति, सुरक्षा एवं विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हिंसा और आतंक का कोई स्थान नहीं है तथा नक्सलवाद के प्रति किसी भी प्रकार की सहानुभूति या समर्थन स्वीकार्य नहीं हो सकता।


