डॉ. पवन सिंह के प्रयासों को मिली बड़ी सफलता, ग्रामीण विकास को नई रफ्तार; टिमन भौना सीसी रोड और तौलीपाली स्कूल अहाता निर्माण को मिली स्वीकृति



जिला पंचायत अध्यक्ष की पहल लाई रंग, भाजपा जिला महामंत्री राजेंद्र कुमार राठिया और हेमलाल झारिया ने जताया आभार; कहा— विकास ही हमारी प्राथमिकता
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//* कोरबा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह के सतत प्रयासों से जिले के कई बहुप्रतीक्षित विकास कार्यों को प्रशासनिक स्वीकृति मिल गई है। इस निर्णय से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है और लोगों ने इसे विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।
स्वीकृत कार्यों में करतला विकासखंड की ग्राम पंचायत बढ़मार के आश्रित ग्राम टिमन भौना में सीसी रोड निर्माण तथा कोरबा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत तौलीपाली के प्राथमिक शाला परिसर में अहाता (बाउंड्री) निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं। इन कार्यों के पूरा होने से ग्रामीणों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी तथा विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा।
इस उपलब्धि पर भाजपा जिला अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिला महामंत्री राजेंद्र कुमार राठिया एवं हेमलाल झारिया ने जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व और निरंतर प्रयासों से जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को नई गति मिली है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भी इसी प्रकार जनहित के कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
इस अवसर पर डॉ. पवन सिंह ने कहा कि जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है, उस विश्वास पर खरा उतरना उनकी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा, “ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा, पेयजल और मूलभूत सुविधाओं का विस्तार हमारी प्राथमिकता है। स्वीकृत सभी विकास कार्यों को समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा कराया जाएगा। हमारा संकल्प है कि जिले का कोई भी गांव विकास से वंचित न रहे।”
ग्रामीणों ने भी इन विकास कार्यों की स्वीकृति का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि इससे क्षेत्र में आधारभूत सुविधाएं मजबूत होंगी और लोगों को लंबे समय से चली आ रही समस्याओं से राहत मिलेगी। जिला पंचायत अध्यक्ष की पहल से मिली इन स्वीकृतियों को जिले में विकास की नई शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।


