July 14, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

 

 

कलेक्टर कुणाल दुदावत की अध्यक्षता में जिला स्तरीय बैठक, युवाओं को स्किल, इंटर्नशिप, वालंटियरिंग और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने पर होगा मंथन
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//* कोरबा। युवाओं को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें कौशल, नेतृत्व एवं सामाजिक भागीदारी के नए अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की महत्वाकांक्षी पहल “माय भारत (मेरा युवा भारत)” के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर 14 जुलाई 2026 को कोरबा कलेक्टोरेट के सभा कक्ष में महत्वपूर्ण जिला स्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी। दोपहर 1 बजे होने वाली इस बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर कुणाल दुदावत करेंगे।
जिला नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह ने बताया कि केंद्र सरकार की यह पहल 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को एक साझा मंच प्रदान करने के उद्देश्य से शुरू की गई है, ताकि वे अपनी प्रतिभा, कौशल और ऊर्जा का उपयोग राष्ट्र निर्माण एवं सामाजिक विकास के कार्यों में कर सकें। बैठक में कार्यक्रम के प्रभावी संचालन, व्यापक जनभागीदारी और जिले के अधिक से अधिक युवाओं को इससे जोड़ने की रणनीति तैयार की जाएगी।

 

 

बैठक में कलेक्टर की अध्यक्षता में गठित जिला सलाहकार समिति एवं जिला समन्वय समिति के सदस्य, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों के प्राचार्य, उच्च शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि तथा प्रभारी सहायक प्राध्यापक शामिल होंगे। सभी संस्थानों की सहभागिता से जिले में कार्यक्रम को व्यापक स्तर पर लागू करने की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
जिला नोडल अधिकारी ने बताया कि “माय भारत पोर्टल” पर पंजीयन कराने वाले युवाओं को विभिन्न सरकारी एवं सामाजिक कार्यक्रमों में भागीदारी का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही उन्हें स्किल डेवलपमेंट प्रशिक्षण, इंटर्नशिप, अनुभव आधारित सीखने के अवसर, प्रोफाइल एवं सीवी निर्माण की सुविधा, विशेषज्ञों एवं मेंटर्स से जुड़ने का मंच तथा वालंटियर प्रमाण-पत्र जैसी अनेक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे युवाओं के व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ उनके रोजगार और नेतृत्व क्षमता को भी नई दिशा मिलेगी।
प्रशासन का मानना है कि “माय भारत” कार्यक्रम युवाओं को केवल योजनाओं का लाभार्थी नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का सक्रिय भागीदार बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। यही कारण है कि जिले के सभी शिक्षण संस्थानों से इस अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप देने की अपेक्षा की जा रही है।
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित संस्थानों और अधिकारियों से बैठक में समय पर उपस्थित होकर कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन में सक्रिय सहयोग देने का आग्रह किया है। उम्मीद की जा रही है कि यह बैठक कोरबा जिले के हजारों युवाओं के लिए नए अवसरों के द्वार खोलने और उन्हें विकसित भारत के निर्माण में सहभागी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.