कांग्रेस में मचा सियासी संग्राम, संगठन बिखरने की कगार पर’ : भाजयुमो का तीखा हमला
1 min read



राहुल टिकरिहा बोले— युवा कांग्रेस का चुनाव बन गया गुटबाजी और वर्चस्व की लड़ाई, आम कार्यकर्ता पूरी तरह हाशिए पर।
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//* रायपुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा ने युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव को लेकर कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि पार्टी का संगठनात्मक ढांचा पूरी तरह बिखर चुका है। उन्होंने कहा कि चुनाव के बहाने कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी, नेतृत्व संघर्ष और वर्चस्व की लड़ाई अब खुलकर सामने आ गई है।
राहुल टिकरिहा ने कहा कि छत्तीसगढ़ कांग्रेस में नेताओं के बीच मतभेद इस स्तर तक पहुंच गए हैं कि जो नेता पहले एक-दूसरे के समर्थक थे, वे अब आमने-सामने चुनावी मुकाबले में उतर चुके हैं। उनके अनुसार यह स्थिति कांग्रेस की संगठनात्मक कमजोरी और अनुशासनहीनता को उजागर करती है।
भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि युवा कांग्रेस का चुनाव अब विचारधारा या कार्यकर्ताओं के नेतृत्व का मंच नहीं, बल्कि धनबल और प्रभावशाली लोगों का अखाड़ा बन गया है, जहां सामान्य और जमीनी कार्यकर्ताओं के लिए अवसर लगातार सीमित होते जा रहे हैं।
उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस का आंतरिक संघर्ष अब सार्वजनिक हो चुका है और इसका असर पूरे संगठन पर दिखाई दे रहा है। श्री टिकरिहा ने कहा कि जिस संगठन में लगातार गुटबाजी और नेतृत्व को लेकर टकराव हो, वह प्रदेश के युवाओं का प्रभावी नेतृत्व करने की स्थिति में नहीं है।







