July 11, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

 

 

महादेव सट्टा एप, शराब घोटाला और वित्तीय अनियमितताओं पर कांग्रेस से जवाब मांगा; भाजपा बोली— जनता के मुद्दों पर नहीं, आरोपियों को बचाने सड़क पर उतरी कांग्रेस।
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//* रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता शिवनारायण पाण्डेय ने महादेव सट्टा एप मामले में हुई हालिया गिरफ्तारियों का हवाला देते हुए कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासनकाल में हुए कथित घोटालों और वित्तीय अनियमितताओं पर जवाब देने के बजाय पार्टी आंदोलन की आड़ लेकर आरोपियों को बचाने का प्रयास कर रही है।
भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में आयोजित प्रेसवार्ता में श्री पाण्डेय ने कहा कि महादेव सट्टा एप, शराब घोटाला और अन्य मामलों में जांच एजेंसियां लगातार कार्रवाई कर रही हैं, लेकिन कांग्रेस इन मुद्दों पर स्पष्ट जवाब देने से बच रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस हमेशा जांच एजेंसियों पर सवाल उठाकर वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश करती है।
भाजपा प्रवक्ता ने दावा किया कि कांग्रेस शासनकाल में प्रदेश की आर्थिक व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने वाले कई कथित घोटाले सामने आए। उन्होंने महादेव सट्टा एप, शराब घोटाला और कस्टम मिलिंग शुल्क से जुड़े मामलों का उल्लेख करते हुए कांग्रेस से इन आरोपों पर अपना पक्ष स्पष्ट करने की मांग की।
श्री पाण्डेय ने कहा कि कांग्रेस पिछले ढाई वर्षों में जनहित के मुद्दों को लेकर सक्रिय नहीं दिखी, लेकिन जैसे ही उसके नेताओं पर कार्रवाई हुई, पार्टी आंदोलन की राह पर उतर आई। उन्होंने आरोप लगाया कि यह आंदोलन जनता के हित में नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे लोगों के बचाव के लिए किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता सब कुछ देख रही है और भ्रष्टाचार के आरोपों पर जवाब चाहती है। साथ ही उन्होंने विश्वास जताया कि कानून के दायरे में चल रही जांच आगे भी निष्पक्ष रूप से जारी रहेगी।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.