July 10, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

 

 

प्रदेश कार्यसमिति की संयुक्त बैठक में मुख्यमंत्री ने दिया संगठन विस्तार का मंत्र, प्रदेश अध्यक्ष किरण देव बोले— भाजपा में सेवा, समर्पण और कार्यकर्ता ही सर्वोपरि
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में शुक्रवार को भाजपा के सभी प्रकोष्ठों की प्रदेश कार्यसमिति की संयुक्त बैठक उत्साह और संगठनात्मक ऊर्जा के साथ सम्पन्न हुई। बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव एवं प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने नवनियुक्त संयोजकों, सह-संयोजकों एवं पदाधिकारियों को संगठन की आगामी कार्ययोजना, जनसेवा और संगठन विस्तार का मंत्र देते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।

 

 

बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक राजनीतिक संगठन है और इसके कार्यकर्ता होना अपने आप में गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व पटल पर नई पहचान बना रहा है और आज पूरी दुनिया भारत की ओर आशा और विश्वास के साथ देख रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी 140 करोड़ देशवासियों को अपना परिवार मानकर ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ देश को विकसित भारत बनाने के संकल्प को साकार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज देश के 22 राज्यों में भाजपा की सरकार जनता के विश्वास का प्रमाण है। छत्तीसगढ़ में भी भाजपा के 61 लाख से अधिक प्राथमिक सदस्य संगठन की सबसे बड़ी शक्ति हैं और प्रकोष्ठों की भूमिका इन कार्यकर्ताओं को समाज के प्रत्येक वर्ग से जोड़ने में अत्यंत महत्वपूर्ण होगी।
श्री साय ने कहा कि विधानसभा चुनाव 2023 में मोदी की गारंटी के तहत किए गए अधिकांश वादों को राज्य सरकार ने पूरा कर दिया है। अब पार्टी कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि वे केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं और यह सुनिश्चित करें कि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का पूरा लाभ मिले। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक प्रकोष्ठ समाज के अलग-अलग वर्गों तक पहुंचकर सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बने।
भाजपा सेवा और संगठन की संस्कृति वाली पार्टी : किरण देव
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में प्रत्येक कार्यकर्ता का सम्मान सर्वोपरि है। भाजपा सत्ता के लिए नहीं, बल्कि जनसेवा के उद्देश्य से कार्य करती है। उन्होंने कहा कि संगठन में दायित्व समय-समय पर बदलते रहते हैं, लेकिन कार्यकर्ता की निष्ठा, परिश्रम और समर्पण ही उसे नई पहचान दिलाते हैं।

 

 

 

उन्होंने कहा कि भाजपा एक ऐसी पार्टी है जहां एक सामान्य कार्यकर्ता भी अपनी मेहनत के बल पर मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री जैसे सर्वोच्च पद तक पहुंच सकता है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अभी से वर्ष 2028 के चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी की कार्यशैली ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है, जहां एक चुनाव समाप्त होते ही अगले चुनाव की तैयारी प्रारंभ हो जाती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अनुशासन, निरंतर प्रवास और संगठन विस्तार पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया।
विचारधारा, अनुशासन और कार्यकर्ता ही भाजपा की असली पूंजी : पवन साय
प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि विचारधारा आधारित संगठन है। यहां नीति, सिद्धांत, लोकतंत्र और अनुशासन सर्वोच्च हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा में कार्यकर्ताओं का सम्मान सर्वोपरि है और वही संगठन की सबसे बड़ी पूंजी हैं।
उन्होंने सभी प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों को संगठन विस्तार, सरकार की योजनाओं के प्रभावी प्रचार-प्रसार तथा समाज के प्रत्येक वर्ग तक पार्टी की विचारधारा पहुंचाने के संबंध में विस्तृत मार्गदर्शन दिया। साथ ही आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों और कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा करते हुए कार्यकर्ताओं से पूरी सक्रियता के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
बैठक का संचालन समस्त प्रकोष्ठ प्रभारी अवधेश चंदेल ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन समस्त प्रकोष्ठ सह प्रभारी चुन्नीलाल साहू ने किया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, अखिलेश सोनी, डॉ. नवीन मार्कण्डेय, प्रदेश कोषाध्यक्ष राम गर्ग सहित प्रदेशभर से आए प्रकोष्ठों के संयोजक, सह-संयोजक, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक में स्पष्ट संदेश दिया गया कि भाजपा के सभी प्रकोष्ठ अब संगठन और सरकार के बीच मजबूत सेतु बनेंगे तथा केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाकर विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.