“भ्रष्टाचारियों को बचाने के लिए आंदोलन कर रही कांग्रेस” – भाजपा का तीखा हमला, डॉ. विजयशंकर मिश्रा ने उठाए कई सवाल



रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी पर भाजपा का पलटवार, कहा– कानून अपना काम कर रहा है, दोषियों को किसी कीमत पर नहीं बख्शा जाएगा
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. विजयशंकर मिश्रा ने कांग्रेस के कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस एक भ्रष्टाचार के आरोपी को बचाने के लिए धरना-प्रदर्शन और आंदोलन कर रही है। उन्होंने सवाल किया कि आखिर कांग्रेस भ्रष्टाचारियों के पक्ष में क्यों खड़ी है और क्या उसकी भी इस पूरे मामले में कोई हिस्सेदारी है?
भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में डॉ. मिश्रा ने कहा कि पुलिस पूरे मामले में दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2023 तक कांग्रेस शासन के दौरान कथित लेवी, कस्टम मिलिंग, शराब और अन्य मामलों से जुड़े पैसों का उल्लेख विभिन्न दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड में सामने आया है। उन्होंने कहा कि पुलिस लंबे समय से रामगोपाल अग्रवाल की तलाश कर रही थी और अब गिरफ्तारी के बाद उनसे पूछताछ जारी है।
डॉ. मिश्रा ने कांग्रेस के रुख पर सवाल उठाते हुए कहा कि जो नेता कल तक रामगोपाल अग्रवाल को अपना कोषाध्यक्ष बताते थे, वही अब उनसे दूरी बनाने का प्रयास कर रहे हैं। दूसरी ओर उनके समर्थन में आंदोलन भी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को स्पष्ट करना चाहिए कि उसका इस पूरे मामले से क्या संबंध है और वह एक आरोपी के समर्थन में क्यों खड़ी है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि कानून सभी के लिए समान है और भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कानून के अनुसार कार्रवाई होगी। जनता के धन की लूट करने वालों से राशि की वसूली कर उसे सरकारी खजाने में जमा कराया जाएगा, ताकि उसका उपयोग जनकल्याण और विकास कार्यों में हो सके।
पत्रकार वार्ता में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ. किरण बघेल एवं तौकीर रजा भी उपस्थित रहे।


