July 10, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

उरगा से उठी हरियाली की नई मिसाल: ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में 200 से अधिक पौधों के साथ प्रकृति संरक्षण का लिया संकल्प

 

 

पूर्व गृह मंत्री ननकीराम कंवर की मौजूदगी में भाजपा उरगा मंडल का वृहद वृक्षारोपण अभियान, जनभागीदारी से हरित भविष्य का संदेश
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//**  उरगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चल रहे “एक पेड़ मां के नाम” अभियान को उरगा मंडल में जनसहभागिता का नया आयाम मिला। भारतीय जनता पार्टी उरगा मंडल के नेतृत्व में मुक्तिधाम परिसर में 200 से अधिक पौधों का वृहद वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए इसे हरित जनअभियान का स्वरूप प्रदान किया।
मुक्तिधाम परिसर का चयन इस उद्देश्य से किया गया कि लगाए गए पौधों का संरक्षण सुनिश्चित हो सके और भविष्य में ये विशाल वृक्ष बनकर क्षेत्र के पर्यावरण को समृद्ध करें। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने पौधारोपण के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण का भी संकल्प लिया।
इस अवसर पर पूर्व गृह मंत्री ननकीराम कंवर ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन का सबसे बड़ा आधार हैं। आज लगाया गया प्रत्येक पौधा आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण, शुद्ध हवा और बेहतर जीवन देने का माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि “एक पेड़ मां के नाम” अभियान केवल पौधे लगाने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति और मातृभूमि के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का राष्ट्रीय अभियान है।
भाजपा जिला महामंत्री अजय विश्वकर्मा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण जनभागीदारी से ही संभव है। यदि प्रत्येक नागरिक एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे, तो आने वाले वर्षों में पर्यावरण संतुलन की दिशा में बड़ा परिवर्तन देखने को मिलेगा।
उरगा मंडल अध्यक्ष किशन साव ने कहा कि यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। मंडल के विभिन्न गांवों, विद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों और धार्मिक परिसरों में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कर क्षेत्र को हरित बनाने का अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने वाले सभी जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों का आभार भी व्यक्त किया।
कार्यक्रम में पूर्व गृह मंत्री ननकीराम कंवर, भाजपा जिला महामंत्री अजय विश्वकर्मा, मंडल अध्यक्ष किशन साव, जिला मंत्री अजय कंवर, अर्जुन गुप्ता, अनुसूचित जनजाति मोर्चा जिला अध्यक्ष कुलसिंह कंवर, जिला पंचायत सदस्य सुष्मिता अनंत, मंडल महामंत्री संजय वैष्णव, चिकित्सा प्रकोष्ठ प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डॉ. संजय वैष्णव, किसान मोर्चा जिला मंत्री मनोज धीरहे, उरगा सरपंच सम्मेलाल जगत, उपसरपंच सनत दिवाकर सहित भाजपा के विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं 100 से अधिक कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।
उरगा मंडल का यह आयोजन केवल वृक्षारोपण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने और आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित एवं सुरक्षित भविष्य के निर्माण का प्रेरणादायी संदेश बनकर उभरा।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.