भाजपा संगठन में बढ़ा मयूर पारीक का प्रभाव, पंचायत प्रकोष्ठ के जिला संयोजक की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई
1 min read



प्रदेश नेतृत्व ने जताया भरोसा, गांव-गांव तक संगठन विस्तार और जनकल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाने की मिलेगी जिम्मेदारी
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//* कोरबा। भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को बूथ से लेकर पंचायत स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए पूर्व विधायक प्रतिनिधि एवं सरगबुंदिया निवासी मयूर पारीक को भाजपा पंचायत प्रकोष्ठ का जिला संयोजक नियुक्त किया है। प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव की सहमति तथा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी की अनुशंसा पर हुई इस नियुक्ति को संगठन में मयूर पारीक की सक्रियता, समर्पण और संगठनात्मक क्षमता का सम्मान माना जा रहा है।
लंबे समय से भाजपा की विचारधारा और संगठनात्मक गतिविधियों से जुड़े मयूर पारीक ने एक सक्रिय कार्यकर्ता एवं पूर्व विधायक प्रतिनिधि के रूप में जनहित के अनेक मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया है। ग्रामीण क्षेत्रों में संगठन को मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय स्थापित करने तथा जनता की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने में उनकी सक्रिय भूमिका रही है। यही कारण है कि पार्टी नेतृत्व ने उन्हें पंचायत प्रकोष्ठ जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपकर उन पर अपना विश्वास व्यक्त किया है।
भाजपा नेताओं का मानना है कि मयूर पारीक के नेतृत्व में पंचायत प्रकोष्ठ जिले की सभी ग्राम पंचायतों और मंडलों में संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति देगा। साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने, ग्रामीण क्षेत्रों में संगठन की पकड़ मजबूत करने तथा नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने का अभियान भी और अधिक प्रभावी होगा।
नियुक्ति की घोषणा होते ही जिले भर में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं शुभचिंतकों ने मयूर पारीक को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वे अपनी नई जिम्मेदारी का सफलतापूर्वक निर्वहन करते हुए संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।
नवनियुक्त जिला संयोजक मयूर पारीक ने शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह दायित्व उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि वे प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी सहित सभी वरिष्ठ नेताओं के विश्वास पर पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने संकल्प व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के विजन और संगठन की विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाते हुए पंचायत स्तर पर भाजपा को और अधिक मजबूत बनाने के लिए पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे।
मयूर पारीक की यह नियुक्ति न केवल उनके संगठनात्मक सफर की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है, बल्कि इसे कोरबा जिले में भाजपा के पंचायत स्तर के संगठन को नई मजबूती और नई दिशा देने वाला अहम निर्णय भी माना जा रहा है।







