कोलांचल की आवाज पहुंची दिल्ली दरबार: केंद्रीय राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे के समक्ष भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने उठाए पुनर्वास, स्वास्थ्य और शिक्षा के बड़े मुद्दे



भाजपा जिला मंत्री सतीश झा व पूर्व प्रदेश मंत्री गोवर्धन सिंह कंवर ने कोलांचल की जनसमस्याओं को रखा प्रमुखता से, केंद्रीय विद्यालय, डीएवी स्कूल और एसईसीएल अस्पताल के विस्तार सहित कई मांगों पर मिला सकारात्मक आश्वासन
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//* कोरबा/नई दिल्ली। कोलांचल क्षेत्र की वर्षों से लंबित जनसमस्याओं के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए भाजपा जिला मंत्री सतीश झा एवं भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के पूर्व प्रदेश मंत्री गोवर्धन सिंह कंवर ने नई दिल्ली में भारत सरकार के कोयला एवं खनन केंद्रीय राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे से सौजन्य भेंट कर क्षेत्र के विकास से जुड़े कई अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय राज्य मंत्री के समक्ष कोलांचल क्षेत्र के भू-विस्थापित परिवारों के समुचित पुनर्वास, एसईसीएल अस्पताल की स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, तथा बांकी मोंगरा क्षेत्र में केंद्रीय विद्यालय (केंद्रीय स्कूल) और डीएवी स्कूल की स्थापना की मांग को प्रमुखता से रखा। उन्होंने बताया कि इन विषयों का सीधा संबंध हजारों परिवारों के जीवन, बच्चों की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ा हुआ है। इसलिए इन पर शीघ्र निर्णय लिया जाना अत्यंत आवश्यक है।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि कोरबा का कोलांचल क्षेत्र देश की ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति में महत्वपूर्ण योगदान देता है। यहां के श्रमिकों और स्थानीय नागरिकों ने हमेशा राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, लेकिन आज भी क्षेत्र के लोग पुनर्वास, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। ऐसे में केंद्र सरकार से अपेक्षा है कि इन जनहितकारी मांगों को प्राथमिकता देते हुए ठोस कदम उठाए जाएंगे।
केंद्रीय राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए भरोसा दिलाया कि कोलांचल क्षेत्र से जुड़े सभी विषयों का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि स्थानीय नागरिकों के हितों की रक्षा और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए केंद्र सरकार प्रतिबद्ध है तथा जनहित के मुद्दों पर सकारात्मक पहल की जाएगी।
भाजपा नेताओं ने मुलाकात के बाद विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र सरकार के सहयोग से कोलांचल क्षेत्र की वर्षों पुरानी समस्याओं के समाधान का मार्ग प्रशस्त होगा और शिक्षा, स्वास्थ्य तथा पुनर्वास के क्षेत्र में नई संभावनाओं के द्वार खुलेंगे।
यह मुलाकात कोरबा के कोलांचल क्षेत्र की जनभावनाओं और विकास संबंधी मांगों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी ढंग से पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और सार्थक पहल मानी जा रही है।


