देवतुल्य कार्यकर्ताओं को समर्पित भाजपा का नया जिला कार्यालय, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया लोकार्पण



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//* कवर्धा, 8 जुलाई। कबीरधाम जिले में भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्मित जिला कार्यालय का भव्य लोकार्पण मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह की उपस्थिति में किया। समारोह में प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल, प्रदेश महामंत्री (संगठन) पवन साय, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, मंत्री लखनलाल देवांगन, सांसद संतोष पांडेय सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि भाजपा का कार्यालय केवल एक भवन नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा, संगठन साधना और कार्यकर्ताओं की तपस्या का देवालय है। उन्होंने कहा कि यह नवीन कार्यालय संगठन को नई ऊर्जा देगा तथा विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने इसे देवतुल्य कार्यकर्ताओं के समर्पण और त्याग को समर्पित बताया।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि नया जिला कार्यालय संगठन की मजबूती और जनसेवा का प्रभावी केंद्र बनेगा। वहीं प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने इसे राष्ट्रसेवा, जनकल्याण और संगठन विस्तार का जीवंत केंद्र बताते हुए कार्यकर्ताओं से विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल ने अनुशासन, बूथ स्तर तक सक्रियता और सेवा भाव को भाजपा की सबसे बड़ी ताकत बताया। कार्यक्रम के अंत में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कार्यालय भाजपा कार्यकर्ताओं की आस्था, समर्पण और राष्ट्रसेवा के संकल्प का प्रतीक बनेगा।


