कुप्रबंधन के ब्रांड एम्बेसडर’ बने भूपेश बघेल, पंजाब कांग्रेस में भी बढ़ाई कलह : भाजपा



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//* रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता एवं सांसद संतोष पाण्डेय ने पूर्व मुख्यमंत्री एवं पंजाब कांग्रेस के प्रभारी भूपेश बघेल पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के बाद अब पंजाब कांग्रेस भी उनके नेतृत्व में अंतर्कलह और बगावत से जूझ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जो नेता छत्तीसगढ़ में अपनी सरकार और संगठन को संभाल नहीं पाए, वे अब पंजाब में भी कांग्रेस की स्थिति को और कमजोर कर रहे हैं।
संतोष पाण्डेय ने कहा कि पंजाब में कांग्रेस नेताओं के बीच बढ़ते मतभेद, पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी द्वारा दूरी बनाए रखना तथा पार्टी के भीतर अनुशासनात्मक कार्रवाई यह दर्शाती है कि भूपेश बघेल एक सफल प्रभारी साबित नहीं हुए हैं। उन्होंने कटाक्ष करते हुए बघेल को “कुप्रबंधन का ब्रांड एम्बेसडर” बताया और कहा कि जहां भी वे जाते हैं, वहां संगठन में विवाद और असंतोष बढ़ जाता है।
भाजपा प्रवक्ता ने दावा किया कि कांग्रेस आलाकमान को पंजाब की स्थिति संभालने के लिए केंद्रीय नेतृत्व को हस्तक्षेप करना पड़ रहा है, जिससे स्पष्ट है कि बघेल संगठन को एकजुट करने में विफल रहे हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के बाद अब पंजाब में भी कांग्रेस राजनीतिक संकट का सामना कर रही है और इसके लिए पार्टी नेतृत्व को जवाब देना चाहिए।


