एनटीपीसी कोरबा में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर सामूहिक योगाभ्यास, 500 से अधिक अधिकारियों-कर्मचारियों ने लिया स्वास्थ्य का संकल्प



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//* कोरबा। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर एनटीपीसी कोरबा के कल्याण मंडप में भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि परियोजना प्रमुख किशोर चंद्र पात्र थे, जबकि शत्रुघ्न बेहेरा (महाप्रबंधक–अनुरक्षण एवं प्रचालन) एवं विनोद कोल्हटकर (मुख्य चिकित्सा अधिकारी) विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
योग शिविर में आयुर्वेद एवं योग चिकित्सा विशेषज्ञ नाड़ीवैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा तथा योग शिक्षक राजेश प्रजापति ने अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिजनों को विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया। उन्होंने योग से जुड़ी आवश्यक सावधानियों, रोगानुसार विशेष योग तथा नियमित योगाभ्यास के स्वास्थ्य लाभों की भी विस्तृत जानकारी दी।

कार्यक्रम में 500 से अधिक एनटीपीसी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सामूहिक योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवनशैली के लिए नियमित योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर विभिन्न आयु वर्गों के लिए योग प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर परियोजना प्रमुख किशोर चंद्र पात्र ने योगाचार्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा एवं राजेश प्रजापति को विशेष योग प्रशिक्षण के लिए शाल ओढ़ाकर तथा औषधीय पौधे भेंट कर सम्मानित किया और उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया।


