एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को कुदमुरा में मिली नई उड़ान, बस स्टैंड परिसर फलदार पौधों से होगा हरा-भरा



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//*कोरबा। पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प को साकार करने की दिशा में कुदमुरा बस स्टैंड परिसर में फलदार पौधों का रोपण कर प्रेरणादायी पहल की गई। भाजपा जिला कार्यकारिणी सदस्य हेमलाल झारिया के नेतृत्व में स्थानीय युवाओं ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान को आगे बढ़ाते हुए बस स्टैंड परिसर को हरा-भरा बनाने का संकल्प लिया। इस दौरान आम, जामुन सहित फलदार एवं छायादार पौधे लगाए गए, ताकि आने वाले वर्षों में यात्रियों को छाया के साथ स्वच्छ वातावरण का लाभ मिल सके।

हेमलाल झारिया ने कहा कि बस स्टैंड केवल आवागमन का केंद्र नहीं, बल्कि हरियाली और पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक भी बनेगा। उन्होंने कहा कि आज लगाया गया प्रत्येक पौधा भविष्य में हजारों लोगों को शुद्ध हवा, छाया और प्राकृतिक सौंदर्य प्रदान करेगा।
कार्यक्रम में भूपेंद्र चावड़ा और दीपक कुमार मिश्रा ने कहा कि पौधारोपण के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि पौधों की सिंचाई, सुरक्षा और निराई-गुड़ाई की जिम्मेदारी स्थानीय युवाओं एवं बस स्टैंड के दुकानदारों द्वारा मिलकर निभाई जाएगी, ताकि लगाए गए पौधे सुरक्षित रूप से विकसित हो सकें।
बस का इंतजार कर रहे यात्रियों ने भी इस पहल की मुक्त कंठ से सराहना की। उनका कहना था कि अभी जहां तेज धूप में खड़ा होना पड़ता है, वहीं कुछ वर्षों बाद यही स्थान घने पेड़ों की छाया और फलों से सुसज्जित होकर यात्रियों को राहत देगा।
युवाओं ने संकल्प लिया कि यह अभियान एक दिन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि हर महीने पौधारोपण कर कुदमुरा को हरित और स्वच्छ बनाने का प्रयास लगातार जारी रहेगा।
इस अवसर पर भाजपा जिला कार्यकारिणी सदस्य हेमलाल झारिया, भूपेंद्र चावड़ा, बैजनाथ अग्रवाल, बिन्नी डहरवाल, दीपक कुमार मिश्रा, मुकेश, बरातु सहित बड़ी संख्या में स्थानीय युवा उपस्थित रहे। यह आयोजन पर्यावरण संरक्षण के साथ सामाजिक सहभागिता और जनजागरूकता का प्रेरक संदेश देकर लोगों के लिए अनुकरणीय उदाहरण बन गया।


