भारी बारिश और डाइक क्षति की काल्पनिक चुनौती पर बालको की त्वरित कार्रवाई, ऐश डाइक में सफल मॉक ड्रिल से परखी आपदा प्रबंधन की तैयारी



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//* बालको नगर, 08 जुलाई 2026। औद्योगिक सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और आपदा प्रबंधन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को एक बार फिर मजबूत करते हुए भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने ऐश डाइक-2 (जामबहार गांव, एचटी टॉवर क्षेत्र) में व्यापक स्तर पर आपातकालीन मॉक ड्रिल का सफल आयोजन किया। इस अभ्यास का उद्देश्य संभावित आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली, डाइक सुरक्षा और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की प्रभावशीलता का परीक्षण करना था।
मॉक ड्रिल के दौरान भारी बारिश और बादल फटने से डाइक के ऊपर से पानी बहने तथा उसके क्षतिग्रस्त होने की काल्पनिक स्थिति तैयार की गई। सूचना मिलते ही आपातकालीन सायरन बजाया गया और साइट इमरजेंसी प्लान के तहत सभी टीमें तत्काल सक्रिय हो गईं। राहत एवं बचाव दल ने प्रभावित क्षेत्र को सुरक्षित करते हुए काल्पनिक रूप से घायल लोगों को बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार दिया। साथ ही उपकरणों को सुरक्षित बंद किया गया, पूरे क्षेत्र की घेराबंदी की गई तथा कर्मचारियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। निर्धारित सभी प्रक्रियाओं का सफलतापूर्वक पालन करने के बाद स्थिति को पूर्णतः सामान्य घोषित किया गया।
मॉक ड्रिल का अवलोकन प्रशासनिक अधिकारियों एवं विभिन्न हितधारकों ने किया। इस दौरान नायब तहसीलदार दीपक पटेल, पुलिस प्रशासन से अजय सिंह एवं उनकी टीम तथा छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल के क्षेत्रीय कार्यालय से रोहित कुमार उपस्थित रहे। आसपास के परसाभाठा, रोगबहारी और जामबहार गांवों के समुदाय प्रतिनिधियों ने भी अभ्यास में सहभागिता कर आपदा प्रबंधन की तैयारियों को करीब से देखा।
अभ्यास में बालको की आपातकालीन नेतृत्व टीम ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। डिप्टी सीईओ (पावर) मंतोष कुमार सिंहा के नेतृत्व में मुख्य ऑपरेशन एवं मेंटेनेंस मयंक श्रीवास्तव, अनिल कुमार मिश्रा (चीफ इंसीडेंट कंट्रोलर), मुकुंद जी एडगांवकर (इंसीडेंट कंट्रोलर), बी. शिवाकुमार (चीफ एचएसई एंड एस ऑफिसर), प्रिंसी जॉन (सामुदायिक विकास अधिकारी) तथा भारतेंदु कमल पांडे (चीफ सिक्योरिटी ऑफिसर) सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने पूरे अभ्यास का सफल संचालन किया।
इस अवसर पर सुरक्षा, पर्यावरण, चिकित्सा, सिक्योरिटी एवं अन्य विभागों की टीमों ने समन्वित रूप से राहत एवं बचाव कार्यों का प्रदर्शन करते हुए यह संदेश दिया कि किसी भी संभावित आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए बालको पूरी तरह तैयार है।
बालको नियमित रूप से इस प्रकार के मॉक ड्रिल आयोजित कर कर्मचारियों, व्यावसायिक साझेदारों, स्थानीय समुदाय और प्रशासनिक एजेंसियों की आपदा प्रबंधन क्षमता को सशक्त बना रहा है। यह अभ्यास औद्योगिक सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और त्वरित आपातकालीन प्रतिक्रिया के प्रति कंपनी की मजबूत प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण बना।


