दो दिन की बारिश में उखड़ गई छातासराई की सड़क, घटिया निर्माण की खुली पोल; ग्रामीणों ने ठेकेदार और जिम्मेदार इंजीनियर पर कार्रवाई की उठाई मांग



स्कूल जाने वाले बच्चों, शिक्षकों, मरीजों और ग्रामीणों का आवागमन हुआ दूभर, कीचड़ और गड्ढों से हर दिन बढ़ रहा हादसों का खतरा
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//* कोरबा। जिले के ग्राम पंचायत माखुरपानी के आश्रित ग्राम छातासराई की सड़क पहली ही बारिश में बदहाल हो गई है। सड़क की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि ग्रामीणों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। जगह-जगह कीचड़ और गहरे गड्ढे बनने से आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में भारी लापरवाही और गुणवत्ता से समझौता किया गया, जिसके कारण महज दो-तीन दिन की बारिश में ही पूरी सड़क की वास्तविकता सामने आ गई।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि अभी यह हाल है तो पूरे बारिश के मौसम में सड़क की स्थिति और भी भयावह हो जाएगी। सड़क पर फिसलन और कीचड़ के कारण हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। सबसे अधिक परेशानी स्कूल आने-जाने वाले बच्चों, शिक्षकों, बुजुर्गों, महिलाओं और मरीजों को हो रही है। आपातकालीन स्थिति में एंबुलेंस और अन्य आवश्यक वाहन भी गांव तक पहुंचने में कठिनाई महसूस कर रहे हैं, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं भी प्रभावित होने लगी हैं।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण करने वाले ठेकेदार ने गुणवत्ता के मानकों का पालन नहीं किया। निर्माण कार्य की निगरानी करने वाले संबंधित विभाग के इंजीनियरों की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि निर्माण कार्य की सही तरीके से जांच और निगरानी की गई होती तो इतनी जल्दी सड़क खराब नहीं होती।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क निर्माण कार्य की उच्च स्तरीय तकनीकी जांच कराई जाए, निर्माण में अनियमितता पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार और जिम्मेदार इंजीनियर के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए तथा सड़क का गुणवत्तापूर्ण पुनर्निर्माण कराया जाए। उनका कहना है कि सरकारी धन का दुरुपयोग करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सड़क की मरम्मत और दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के खिलाफ आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उनका कहना है कि विकास कार्य केवल कागजों तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि धरातल पर भी उनकी गुणवत्ता दिखाई देनी चाहिए।


