सहयोग केंद्र बना कार्यकर्ताओं की आवाज़ का मंच, खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल ने सुनीं समस्याएँ



संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय पर दिया जोर, जनहित के मुद्दों के त्वरित समाधान का दिलाया भरोसा
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित प्रदेश कार्यालय में संचालित ‘सहयोग केंद्र’ में सोमवार को छत्तीसगढ़ शासन के खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल ने कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, सुझावों और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
इस अवसर पर मंत्री दयाल दास बघेल ने कहा कि सहयोग केंद्र संगठन और सरकार के बीच संवाद को मजबूत बनाने का प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता जनता और सरकार के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं, इसलिए उनके माध्यम से प्राप्त होने वाले हर सुझाव और जनसमस्या का गंभीरता से निराकरण करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे कार्यकर्ताओं ने अपनी समस्याओं और सुझावों को मंत्री के समक्ष रखा। श्री बघेल ने सभी विषयों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वस्त किया कि प्रत्येक प्रकरण पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि आम जनता को शीघ्र राहत मिल सके।
इस दौरान भाजपा प्रदेश मंत्री अमित साहू एवं प्रदेश कार्यालय मंत्री अशोक बजाज भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय को और अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया।


