डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचार आज भी राष्ट्रसेवा की सबसे बड़ी प्रेरणा : किरण देव



125वीं जयंती पर जगदलपुर में आयोजित ‘स्मरण दिवस’ कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने अर्पित की श्रद्धांजलि
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//* रायपुर/जगदलपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने जनसंघ के संस्थापक, प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक एवं महान शिक्षाविद् डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर जगदलपुर के पूर्वी मंडल स्थित भोजपुरी समाज भवन में आयोजित ‘स्मरण दिवस’ कार्यक्रम में सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने डॉ. मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए किरण देव ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि “एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे” का उनका ऐतिहासिक संकल्प आज पूर्ण रूप से साकार हो चुका है। उनके आदर्श, विचार और राष्ट्रभक्ति की भावना प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
कार्यक्रम में भाजपा के स्थानीय पदाधिकारियों, पूर्वी मंडल के कार्यकर्ताओं, भोजपुरी समाज के प्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। समारोह में डॉ. मुखर्जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व का स्मरण करते हुए राष्ट्रसेवा और संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प भी लिया गया।


