July 6, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

 

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//* कोरबा। भारत विकास परिषद, शक्ति स्वरूपा शाखा, कोरबा द्वारा ‘निदान वेलनेस सेंटर – निहारिका’ में बालिकाओं के सर्वांगीण विकास को समर्पित संस्कार एवं व्यक्तित्व विकास शिविर का भव्य एवं प्रेरणादायी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 50 किशोरी बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए संस्कार, नेतृत्व क्षमता, समय प्रबंधन, स्वास्थ्य जागरूकता एवं व्यक्तित्व विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों से मार्गदर्शन प्राप्त किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय संस्कृति एवं नैतिक मूल्यों के संदेश के साथ हुआ। शिविर की मुख्य प्रशिक्षिका श्रीमती भारती अरोड़ा ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ संस्कार ही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी हैं। उन्होंने बालिकाओं को परिवार, समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का बोध कराते हुए बताया कि श्रेष्ठ संस्कार ही व्यक्ति को सफल, सम्मानित एवं आदर्श नागरिक बनाते हैं।

 

 

पर्यावरण संयोजिका श्रीमती पूर्णिमा सोनी ने समय प्रबंधन, व्यक्तित्व विकास तथा हेल्थ एंड वेलनेस पर प्रभावशाली प्रशिक्षण देते हुए कहा कि अनुशासित दिनचर्या, सकारात्मक सोच और स्वस्थ जीवनशैली सफलता की मजबूत नींव होती है। उन्होंने बालिकाओं को आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
शाखा अध्यक्ष श्रीमती पद्मिनी साहू ने टीमवर्क, नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक सोच के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जीवन में सफलता केवल प्रतिभा से नहीं, बल्कि अनुशासन, सहयोग और सकारात्मक दृष्टिकोण से प्राप्त होती है। उन्होंने बालिकाओं से समाज में प्रेरणास्रोत बनने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में नेत्रदान प्रांत प्रमुख श्री महेश गुप्ता ने नेत्रदान के महत्व पर प्रेरक जानकारी देते हुए कहा कि नेत्रदान ऐसा महादान है, जिसके माध्यम से व्यक्ति अपने निधन के बाद भी किसी के जीवन में रोशनी ला सकता है। उन्होंने सभी उपस्थितजनों से नेत्रदान के प्रति जागरूकता फैलाने का आग्रह किया।

 

 

शिविर के दौरान बालिकाओं ने विभिन्न प्रेरणादायी गतिविधियों में भाग लिया तथा विशेषज्ञों से संवाद कर अपने व्यक्तित्व विकास से जुड़े अनेक पहलुओं की जानकारी प्राप्त की। पूरे आयोजन में उत्साह, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण देखने को मिला।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में भारत विकास परिषद, शक्ति स्वरूपा शाखा, कोरबा की अध्यक्ष श्रीमती पद्मिनी साहू, संस्कार संयोजिका श्रीमती भारती अरोड़ा, पर्यावरण संयोजिका श्रीमती पूर्णिमा सोनी, श्री महेश गुप्ता सहित शाखा की सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का सक्रिय सहयोग रहा। उपस्थित अभिभावकों ने भी इस प्रकार के संस्कारमूलक एवं व्यक्तित्व विकास कार्यक्रमों की सराहना करते हुए इसे बालिकाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.