**मूसलाधार बारिश भी नहीं डिगा सकी राष्ट्रभक्ति का संकल्प



डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर कोरबा में उमड़ा भाजपा कार्यकर्ताओं का जनसैलाब, प्रतिमा पर माल्यार्पण कर राष्ट्रसेवा का लिया संकल्प**
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//* कोरबा। भारतीय जनसंघ के संस्थापक अध्यक्ष, प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक, महान शिक्षाविद एवं अखंड भारत के प्रबल समर्थक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर भारतीय जनता पार्टी, जिला कोरबा के तत्वावधान में कोसाबाड़ी मंडल द्वारा बुधवारी स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी पावर प्लांट परिसर में श्रद्धा, सम्मान और राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला भाजपा अध्यक्ष गोपाल मोदी के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने डॉ. मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के उद्योग, श्रम, वाणिज्य, सार्वजनिक उपक्रम एवं आबकारी मंत्री लखन लाल देवांगन, कोरबा नगर निगम की महापौर संजू देवी राजपूत तथा पूर्व महापौर जोगेश लांबा विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करते हुए डॉ. मुखर्जी के राष्ट्रवादी विचारों, अखंड भारत के संकल्प और जनसेवा के प्रति उनके अतुलनीय योगदान को नमन किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता, सांस्कृतिक अस्मिता और राष्ट्रीय स्वाभिमान की रक्षा के लिए समर्पित कर दिया। उनका त्याग, संघर्ष और राष्ट्रहित सर्वोपरि रखने का दृष्टिकोण आज भी करोड़ों देशवासियों और भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि विकसित, सशक्त और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का मार्ग डॉ. मुखर्जी के विचारों से ही प्रशस्त होता है।

मूसलाधार बारिश भी कार्यकर्ताओं के उत्साह को नहीं रोक सकी। तेज वर्षा के बीच भी बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता कार्यक्रम स्थल पर डटे रहे और पूरे उत्साह के साथ श्रद्धांजलि कार्यक्रम में भाग लिया। राष्ट्रभक्ति के नारों और श्रद्धा के वातावरण के बीच कार्यकर्ताओं ने डॉ. मुखर्जी के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने तथा संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, शक्ति केंद्र संयोजक, सहसंयोजक, बूथ अध्यक्ष, वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में सक्रिय भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों को राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प दोहराया।
श्रद्धा, राष्ट्रभक्ति और संगठनात्मक एकजुटता से ओतप्रोत यह आयोजन कोरबा में भाजपा कार्यकर्ताओं के उत्साह और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के प्रति उनके अटूट सम्मान का जीवंत उदाहरण बन गया।


