नकटी प्रकरण पर भाजपा का कांग्रेस पर तीखा हमला: “फर्जी नैरेटिव गढ़कर अराजकता फैलाना बंद करे कांग्रेस”



हाउसिंग बोर्ड अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव बोले— 66 प्रभावित परिवारों को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने तत्काल आवास दिया, विधायक आवास का दावा पूरी तरह भ्रामक
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//* रायपुर। नकटी अतिक्रमण प्रकरण को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि कांग्रेस सुनियोजित तरीके से झूठा नैरेटिव गढ़कर प्रदेश में भ्रम और अराजकता फैलाने का प्रयास कर रही है। भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव ने कहा कि नकटी मामले की वास्तविकता सामने आने के बाद कांग्रेस का पूरा प्रचार अभियान बेनकाब हो गया है और जनता के बीच फैलाई गई अफवाहों की परतें खुल चुकी हैं।
अनुराग सिंहदेव ने कहा कि कांग्रेस ने यह भ्रम फैलाया कि विधायक आवास बनाने के लिए ग्रामीणों को उजाड़ा गया, जबकि वास्तविकता यह है कि संबंधित भूमि आज भी राजस्व विभाग के अधीन है और विधायक आवास निर्माण का कोई अंतिम निर्णय नहीं हुआ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विधायक आवास के लिए स्थान का चयन विधानसभा अध्यक्ष, मुख्यमंत्री, नेता प्रतिपक्ष एवं अन्य सदस्यों की समिति करती है। ऐसे में कांग्रेस द्वारा फैलाया गया यह दावा पूरी तरह भ्रामक और राजनीतिक उद्देश्य से प्रेरित है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए प्रभावित 66 कब्जाधारियों के लिए तत्काल वैकल्पिक आवास उपलब्ध कराया। उन्हें नवा रायपुर के सेक्टर-30 में बसाया गया है, जहां पहले से लगभग 1200 परिवार सभी मूलभूत सुविधाओं के साथ निवास कर रहे हैं। प्रभावित परिवारों के भोजन, आवश्यक सुविधाओं तथा आगे रजिस्ट्री की प्रक्रिया सुनिश्चित करने की दिशा में भी सरकार कार्य कर रही है।
अनुराग सिंहदेव ने दावा किया कि जांच में सामने आया है कि कई लोगों ने हजारों वर्गफुट शासकीय भूमि पर कब्जा कर रखा था। उन्होंने कहा कि एक-एक व्यक्ति द्वारा 10 हजार से 29 हजार वर्गफुट तक भूमि पर कब्जा करना सामान्य घटना नहीं बल्कि सुनियोजित अतिक्रमण का संकेत है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन ने अपनी नियमित अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई के तहत यह अभियान चलाया है, जिसे राजनीतिक रंग देकर कांग्रेस जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व मंत्री मोहम्मद अकबर सहित कांग्रेस के कई नेताओं ने तथ्यों की अनदेखी कर लोगों की भावनाओं को भड़काने का प्रयास किया। सिंहदेव ने कहा कि यदि कांग्रेस विधायक आवास के प्रस्ताव का विरोध कर रही है तो उसे इस विषय में अपने ही पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व आवास मंत्री से जवाब मांगना चाहिए, क्योंकि प्रारंभिक प्रस्ताव कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में ही भेजा गया था।
सिंहदेव ने कांग्रेस के पिछले कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि सेरीखेड़ी सहित कई मामलों में लोगों को बिना समुचित पुनर्वास के हटाया गया, जबकि वर्तमान सरकार ने प्रभावित परिवारों के पुनर्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस आज भी नकारात्मक राजनीति कर प्रदेश में अस्थिरता और अराजकता का वातावरण बनाने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता विकास, पारदर्शिता और संवेदनशील शासन चाहती है, न कि झूठ और भ्रम की राजनीति। इसलिए ऐसे षड्यंत्रकारी प्रयासों में शामिल लोगों के विरुद्ध कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
पत्रकार वार्ता में प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कण्डेय, प्रदेश प्रवक्ता सुनील चौधरी एवं प्रदेश मीडिया सह-संयोजक प्रवीण साहू भी उपस्थित रहे।


