राष्ट्रवाद के महान पुरोधा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर भाजपा का भव्य श्रद्धांजलि समारोह कल



जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी के नेतृत्व में होगा गरिमामय आयोजन, कार्यकर्ताओं से राष्ट्रभक्ति के इस संकल्प समारोह में अधिकाधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//* कोरबा। भारतीय जनसंघ के संस्थापक अध्यक्ष, प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक, महान शिक्षाविद एवं अखंड भारत के प्रबल समर्थक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के पावन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी, जिला कोरबा द्वारा सोमवार, 6 जुलाई 2026 को श्रद्धा, सम्मान और राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत भव्य श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में डॉ. मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी तथा उनके राष्ट्रनिर्माण में दिए गए अमूल्य योगदान का स्मरण किया जाएगा।
यह कार्यक्रम प्रातः 11:00 बजे डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी प्रतिमा स्थल, पावर प्लांट, बुधवारी चौक, कोरबा में आयोजित होगा। कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, जिला एवं मंडल पदाधिकारी, पार्षद, विभिन्न मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, शक्ति केंद्र संयोजक एवं सह-संयोजक, बूथ अध्यक्ष, पन्ना प्रमुख, सक्रिय कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं की सहभागिता रहेगी।
भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक स्वाभिमान के लिए समर्पित रहा। उनका जीवन प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनकी जयंती केवल एक स्मृति दिवस नहीं, बल्कि राष्ट्रहित, संगठन और जनसेवा के प्रति अपने संकल्प को और अधिक सुदृढ़ करने का अवसर है।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. मुखर्जी के राष्ट्रवादी विचारों, उनके संघर्षपूर्ण जीवन, शिक्षा के क्षेत्र में योगदान तथा भारत की एकता और अखंडता के लिए किए गए ऐतिहासिक कार्यों का स्मरण किया जाएगा। साथ ही कार्यकर्ताओं से उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने, संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त बनाने तथा राष्ट्रसेवा के संकल्प को मजबूत करने का आह्वान किया जाएगा।
भारतीय जनता पार्टी जिला कोरबा एवं कोसाबाड़ी मंडल ने सभी जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के कार्यकर्ताओं, बूथ अध्यक्षों तथा भाजपा परिवार के सभी सदस्यों से समय पर उपस्थित होकर कार्यक्रम को भव्य, अनुशासित और ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने की अपील की है। भाजपा संगठन के अनुसार यह आयोजन डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्रवादी आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने, संगठनात्मक एकजुटता को और अधिक सुदृढ़ करने तथा राष्ट्र प्रथम की भावना को मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर होगा।


