कलेक्टर के निरीक्षण से पीएम श्री सेजेस तिलकेजा को मिली नई सौगातें, शिक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की कई घोषणाएं



शाला विकास समिति अध्यक्ष किशन साव की मांगों पर मिली स्वीकृति, विद्यार्थियों से संवाद कर कलेक्टर ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर दिया जोर
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//*//**// कोरबा। ग्राम तिलकेजा स्थित पीएम श्री सेजेस विद्यालय के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर कुणाल दुदावत ने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद कर विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, अधोसंरचना एवं उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान शाला विकास एवं प्रबंधन समिति के अध्यक्ष किशन साव एवं प्राचार्य एम.आर. श्रीवास द्वारा विद्यालय के विकास और विद्यार्थियों की बेहतर शिक्षा के लिए रखी गई मांगों पर कलेक्टर ने महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

कलेक्टर ने विद्यालय में मानदेय पीटीआई, मानदेय कंप्यूटर शिक्षक, प्राथमिक शाला के लिए पांच अतिरिक्त कक्ष, पुस्तकालय हेतु फंड उपलब्ध कराने की घोषणा की। साथ ही एटीएल/कंप्यूटर कक्ष में सीपेज की समस्या का शीघ्र निराकरण कराने के लिए संबंधित उप अभियंता को निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कंप्यूटर लैब, शैक्षणिक गतिविधियों एवं निर्माणाधीन पीसीबी लैब का अवलोकन किया। उन्होंने कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों से चर्चा करते हुए उन्हें लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासन और मेहनत के साथ पढ़ाई करने की प्रेरणा दी। साथ ही जिला प्रशासन द्वारा संचालित निःशुल्क आईआईटी-जेईई कोचिंग का लाभ उठाकर अपने सपनों को साकार करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर कलेक्टर ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। निरीक्षण के दौरान सहायक कलेक्टर ईशांत जायसवाल, जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग, एसडीएम सरोज महिलांगे, जनपद सीईओ खगेश निर्मलकर, शिक्षा विभाग के अधिकारी, शाला विकास समिति के अध्यक्ष किशन साव, प्राचार्य एम.आर. श्रीवास एवं विद्यालय परिवार उपस्थित रहे।


