July 5, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

 

चिकित्सकों ने मरीजों की उत्कृष्ट सेवा का लिया संकल्प, एनकेएच प्रबंधन ने डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ के समर्पण को किया नमन
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//* कोरबा। मानव सेवा को सर्वोच्च धर्म मानने वाले चिकित्सकों के सम्मान में विश्व चिकित्सक दिवस (डॉक्टर्स-डे) के अवसर पर एनकेएच न्यू कोरबा हॉस्पिटल में गरिमामय एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पूरे अस्पताल परिसर में उत्साह और सम्मान का वातावरण देखने को मिला। इस अवसर पर एनकेएच ग्रुप डायरेक्टर डॉ. एस. चंदानी एवं एडीसी डायरेक्टर डॉ. वंदना चंदानी ने अस्पताल के चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ के साथ केक काटकर डॉक्टर्स-डे मनाया तथा मरीजों को सर्वोत्तम, संवेदनशील और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का सामूहिक संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. एस. चंदानी ने कहा कि डॉक्टर केवल बीमारी का उपचार नहीं करते, बल्कि मरीजों में जीवन के प्रति नई आशा और विश्वास का संचार भी करते हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी अस्पताल की सफलता उसके डॉक्टरों के साथ-साथ नर्सिंग स्टाफ की निष्ठा, सेवा भावना और समर्पण पर आधारित होती है। मरीजों की देखभाल में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और उनका योगदान सदैव सम्मान का पात्र है।
डॉ. वंदना चंदानी ने कहा कि डॉक्टर्स-डे समाज को यह अवसर देता है कि वह चिकित्सकों के त्याग, समर्पण और मानवीय सेवा के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करे। उन्होंने कहा कि चिकित्सा केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का सबसे बड़ा माध्यम है। एनकेएच परिवार सदैव मरीजों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के साथ आत्मीय व्यवहार और मानवीय संवेदनाओं से परिपूर्ण उपचार उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम के दौरान सभी चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ ने यह संकल्प दोहराया कि वे प्रत्येक मरीज की सेवा पूरी निष्ठा, ईमानदारी और करुणा के साथ करेंगे तथा अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी, सुरक्षित एवं भरोसेमंद बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।
इस अवसर पर डॉ. अविनाश तिवारी, डॉ. अविनाश सिंह, डॉ. शिवानी प्रिया, डॉ. रजनी वर्मा, डॉ. हरीश सोनी, डॉ. अजित ठोकल, डॉ. सुदीप्ता साहा, डॉ. रोहित मजूमदार, डॉ. सचिन टी.आर., डॉ. ट्विंकल, डॉ. योगेश एवं डॉ. रिया दुबे सहित अस्पताल के नर्सिंग स्टाफ और अन्य अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन सभी चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों के सम्मान के साथ हुआ। इस अवसर पर एनकेएच प्रबंधन ने पुनः यह संदेश दिया कि मरीजों की मुस्कान और स्वस्थ जीवन ही उनके लिए सबसे बड़ा सम्मान है, और इसी उद्देश्य के साथ अस्पताल का पूरा परिवार सेवा, समर्पण और उत्कृष्ट चिकित्सा के संकल्प को निरंतर आगे बढ़ाता रहेगा।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.