July 5, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//* राजगामार। सरकारी भूमि और सड़क को निजी संपत्ति समझकर किए जा रहे कथित अतिक्रमण को लेकर क्षेत्र में लोगों का गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा है। आरोप है कि एक दुकान के सामने सरकारी सड़क और भूमि पर मिट्टी, मलबा एवं निर्माण सामग्री डालकर सड़क की मूल संरचना को नुकसान पहुंचाया गया है। इससे सड़क पर कीचड़, जलभराव और गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिससे रोजाना हजारों राहगीरों, स्कूली बच्चों, दोपहिया वाहन चालकों और स्थानीय नागरिकों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि अपनी दुकान को आकर्षक और सुविधाजनक बनाने के लिए सार्वजनिक सड़क को नुकसान पहुँचाना न केवल गैर-जिम्मेदाराना कृत्य है, बल्कि आम जनता की सुरक्षा के साथ सीधा खिलवाड़ भी है। बरसात के मौसम में सड़क की स्थिति और भी भयावह हो गई है, जहाँ हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
ग्रामीणों का आरोप है कि यह सब लंबे समय से खुलेआम हो रहा है, लेकिन जिम्मेदार पंचायत और संबंधित विभाग अब तक मौन बने हुए हैं। लोगों ने सवाल उठाया है कि आखिर सरकारी जमीन पर अतिक्रमण और सड़क की बर्बादी क्या प्रशासन को दिखाई नहीं दे रही है? यदि सक्षम और प्रभावशाली लोग ही नियमों की अनदेखी करेंगे, तो कानून व्यवस्था पर आम जनता का भरोसा कैसे कायम रहेगा?
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की तत्काल जांच कर सरकारी सड़क और भूमि पर डाले गए मलबे को हटाया जाए तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाए। लोगों का कहना है कि सार्वजनिक संपत्ति किसी की निजी जागीर नहीं है और उसे नुकसान पहुँचाने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाना आवश्यक है, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति निजी स्वार्थ के लिए सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुँचाने का साहस न कर सके।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.