“नकटी मुद्दे पर कांग्रेस फैला रही भ्रम, अवैध कब्जों पर राजनीति बर्दाश्त नहीं” – डॉ. नवीन मार्कण्डेय का तीखा हमला, बोले- कांग्रेस बन गई ‘पर्दा डालो फोर्स’



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//* रायपुर। नकटी ग्राम में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पर जोरदार राजनीतिक हमला बोला है। भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित पत्रकार वार्ता में भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कण्डेय ने कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि नकटी मामले में कांग्रेस तथ्यों को छिपाकर भोले-भाले ग्रामीणों को गुमराह कर रही है और अपनी पिछली गलतियों पर पर्दा डालने के लिए निम्न स्तर की राजनीति कर रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अब कांग्रेस का नया नाम “पीडीएफ – पर्दा डालो फोर्स” हो गया है।
डॉ. मार्कण्डेय ने कहा कि नकटी प्रकरण कोई नई घटना नहीं है, बल्कि इसकी पूरी पृष्ठभूमि वर्ष 2020 में तत्कालीन कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में तैयार हुई थी। उन्होंने कहा कि उसी समय हाउसिंग बोर्ड के लिए भूमि चिन्हांकन और आवासीय कॉलोनी की प्रक्रिया शुरू की गई थी। जैसे ही कॉलोनी निर्माण की जानकारी सार्वजनिक हुई, वर्ष 2022-23 के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने शासकीय भूमि पर कब्जा करना शुरू कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि कई लोगों ने जरूरत से कहीं अधिक जमीन पर कब्जा कर बड़े-बड़े मकान और बाड़ियां बना लीं।
भाजपा प्रदेश महामंत्री ने कहा कि कांग्रेस आज उन्हीं अवैध कब्जों को राजनीतिक संरक्षण देने का प्रयास कर रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या कांग्रेस पूरे प्रदेश में शासकीय भूमि पर अवैध कब्जों को बढ़ावा देना चाहती है? उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासनकाल में गरीबों की शिक्षा, स्वास्थ्य और आवास के लिए सुरक्षित शासकीय भूमि तक को बेचने की कोशिश की गई, जिसे बाद में न्यायालय ने निरस्त कर दिया।
डॉ. मार्कण्डेय ने कहा कि कांग्रेस आज गरीबों के नाम पर राजनीति कर रही है, जबकि उसका रिकॉर्ड गरीब हितैषी नहीं रहा। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सरकार के समय सेरीखेड़ी में 122 परिवारों को बिना समुचित व्यवस्था के बेघर कर दिया गया था, जबकि वर्तमान भाजपा सरकार ने नकटी क्षेत्र में प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की प्रक्रिया पहले पूरी की। उन्होंने बताया कि 29 जून को 61 परिवारों को नया रायपुर के सेक्टर-30 में आवास आवंटित किए गए, उन्हें विधिवत चाबी सौंपी गई और उसके बाद ही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि कार्रवाई के दौरान लोगों के आवश्यक सामान को भी सुरक्षित रखने का प्रयास किया गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के पास जनहित का कोई मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वह झूठा नैरेटिव तैयार कर लोगों को उकसाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार कानून के दायरे में रहकर संवेदनशील तरीके से कार्य कर रही है और विकास तथा पुनर्वास दोनों को समान प्राथमिकता दे रही है।
पत्रकार वार्ता में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता गौरीशंकर श्रीवास ने भी कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि नकटी गांव को नहीं तोड़ा गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूरे गांव के बजाय केवल उस हिस्से में कार्रवाई की गई, जहां शासकीय भूमि पर अतिक्रमण था। उन्होंने यह भी कहा कि यह दावा भी गलत है कि वहां केवल विधायकों के लिए आवास बनाए जा रहे हैं। प्रस्तावित आवासीय योजना में अधिकारी-कर्मचारियों के लिए भी आवास शामिल हैं और इसे सामूहिक आवासीय विकास योजना के तहत विकसित किया जा रहा है।
इस अवसर पर रायपुर शहर जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर, रायपुर ग्रामीण जिला अध्यक्ष श्याम नारंग तथा जिला पंचायत उपाध्यक्ष संदीप यदु भी उपस्थित रहे।
भाजपा ने स्पष्ट किया कि नकटी प्रकरण को राजनीतिक रंग देने के बजाय तथ्य सामने रखे जाने चाहिए और अवैध कब्जों को किसी भी परिस्थिति में वैध ठहराने का प्रयास स्वीकार नहीं किया जाएगा।


