सम्मान और संवेदनाओं के साथ दी गई विदाई, शिक्षा विभाग के सेवानिवृत्त कर्मचारियों के योगदान को किया गया नमन



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//* कटघोरा। विकासखंड पोड़ी-उपरोड़ा के बीआरसी भवन में विकासखंड शिक्षा अधिकारी के. आर. दयाल की उपस्थिति में सेवानिवृत्त कर्मचारियों के सम्मान में गरिमामय विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग से जुड़े अधिकारियों, संकुल प्रभारियों एवं कर्मचारियों ने सेवानिवृत्त साथियों के दीर्घकालीन योगदान को सम्मानपूर्वक याद किया।
विकासखंड शिक्षा अधिकारी के. आर. दयाल ने कहा कि सेवानिवृत्ति किसी कर्मचारी के जीवन का सम्मानजनक पड़ाव है। उन्होंने सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों के स्वस्थ, सुखद और सक्रिय जीवन की कामना करते हुए कहा कि समाज और परिवार के लिए उनका अनुभव सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।

पूर्व प्रधान पाठक रमेश कुमार जायसवाल ने अपने लगभग 40 वर्षों के सेवाकाल के अनुभव साझा करते हुए कर्तव्यनिष्ठा, धैर्य और आत्मसंयम के साथ कार्य करने का संदेश दिया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, वृक्षारोपण तथा गायत्री परिवार के माध्यम से समाज सेवा और नशा मुक्ति अभियान में अपनी सक्रिय भूमिका का भी उल्लेख किया।
समारोह में मंच पर निर्मल कुमार जायसवाल, दान प्रकाश भारद्वाज, उमा देवी कश्यप, कोप कुमार, चमरा सिंह एवं आधार सिंह उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का तिलक एवं पुष्पमाला से स्वागत किया गया। कार्यक्रम में 68 संकुल प्रभारी शामिल हुए। आयोजन को सफल बनाने में उत्तम लाल बंसल, राजेश कुमार श्रीवास, विजय ताम्रकार, हरिहर सिंह एवं धनसिंह कंवर का विशेष सहयोग रहा।


