‘धरती के भगवान’ को मिला सम्मान: लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट ने 60 आयुष चिकित्सकों का किया भव्य अभिनंदन, डॉक्टर्स डे पर सेवा और समर्पण को किया नमन



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//* कोरबा। समाज के स्वास्थ्य प्रहरी और मानवता की सेवा में निरंतर समर्पित चिकित्सकों के सम्मान में लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट द्वारा डॉक्टर्स डे के अवसर पर जिला आयुर्वेद कार्यालय, निहारिका में गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. श्वेता एक्का मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। इस अवसर पर जिले के लगभग 60 आयुष चिकित्सकों को पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्वागत उद्बोधन से हुआ। लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट के अध्यक्ष लायन डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने सभी चिकित्सकों को डॉक्टर्स डे की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि डॉक्टर केवल रोगों का उपचार नहीं करते, बल्कि समाज को स्वस्थ, सुरक्षित और आशावान बनाने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी चिकित्सक के लिए सबसे बड़ा सम्मान उसके मरीज के चेहरे पर लौटने वाली मुस्कान, स्वस्थ जीवन और परिजनों की दुआएं होती हैं। लायंस क्लब ऐसे समर्पित चिकित्सकों का सम्मान कर स्वयं को गौरवान्वित महसूस करता है।

मुख्य अतिथि डॉ. श्वेता एक्का ने अपने संबोधन में कहा कि डॉक्टर वास्तव में धरती पर ईश्वर का प्रतिरूप हैं। वे दिन-रात लोगों के जीवन की रक्षा के लिए समर्पित रहते हैं। चिकित्सा केवल एक पेशा नहीं, बल्कि सेवा, संवेदनशीलता और मानवता का सर्वोच्च उदाहरण है। उन्होंने सभी आयुष चिकित्सकों की सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि समाज को स्वस्थ रखने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
सम्मान समारोह के दौरान जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. श्वेता एक्का सहित चिकित्सा अधिकारी डॉ. सपना मिश्रा, डॉ. शिरीन सिंह, डॉ. तृप्ति तिवारी, डॉ. रश्मि रेखा पंडा, डॉ. सरोज पंडा, डॉ. कैलाश पांडे, डॉ. आलोक तिवारी, डॉ. अश्विनी आर्य, डॉ. बंशीधर नायक, डॉ. राजेश गभेल, डॉ. पवन मिश्रा, डॉ. शरदचंद, डॉ. अनूप, डॉ. बसंत सिंह, डॉ. सुधीर कौशल, डॉ. सीमा पाटले, डॉ. नेहा धृतलहरे, डॉ. पुष्पलता भगत, डॉ. चंद्रकला पाल, डॉ. विजय कंवर, डॉ. प्रवीण, डॉ. राहुल जायसवाल, डॉ. गौरीशंकर साहू, डॉ. रवि राय, डॉ. जितेश्वरी, डॉ. आशी सहित कुल 60 आयुष चिकित्सकों का सम्मान किया गया। सम्मान प्राप्त चिकित्सकों ने इस पहल को प्रेरणादायी बताते हुए लायंस क्लब के प्रति आभार व्यक्त किया।
समारोह में लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट के सचिव लायन प्रत्युष हनी सक्सेना, कोषाध्यक्ष लायन सुधीर सक्सेना, सदस्य लायन डॉ. सुरेंद्र मिश्रा, डॉ. संजय वैष्णव, डॉ. प्रदीप कश्यप एवं डॉ. राजीव श्रीवास ने सक्रिय सहभागिता निभाई और आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की।
कार्यक्रम पूरे समय सम्मान, आत्मीयता और सेवा-भाव के वातावरण से सराबोर रहा। उपस्थित सभी चिकित्सकों ने समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को और अधिक समर्पण के साथ निभाने का संकल्प दोहराया। डॉक्टर्स डे पर आयोजित यह सम्मान समारोह चिकित्सा सेवा के प्रति समाज की कृतज्ञता और सम्मान का प्रेरणादायी उदाहरण बन गया।


