भाजपा के ‘सहयोग केंद्र’ में सुनी गईं कार्यकर्ताओं की आवाज़: मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े ने मौके पर कराया समस्याओं के समाधान का भरोसा



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//* रायपुर। भारतीय जनता पार्टी का प्रदेश कार्यालय शुक्रवार को कार्यकर्ताओं की समस्याओं के समाधान का प्रमुख केंद्र बना रहा। कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित ‘सहयोग केंद्र’ में छत्तीसगढ़ शासन की महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े ने प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याओं, शिकायतों एवं सुझावों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना।
मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े ने सहयोग केंद्र में प्राप्त प्रत्येक आवेदन पर त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को नियमानुसार एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि आमजन और कार्यकर्ताओं की समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार पारदर्शी, संवेदनशील और जवाबदेह शासन देने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। ‘सहयोग केंद्र’ इसी सोच का परिणाम है, जहां कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनके त्वरित निराकरण की दिशा में ठोस पहल की जा रही है।

मंत्री रजवाड़े ने कहा कि संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता भाजपा परिवार की महत्वपूर्ण शक्ति है। उनकी बातों को सुनना, उनकी समस्याओं का समाधान करना और शासन-प्रशासन तक उनकी बात पहुंचाना सरकार और संगठन दोनों की प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रत्येक आवेदन पर गंभीरता से कार्रवाई होगी और पात्र मामलों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।
कार्यकर्ताओं ने भी सहयोग केंद्र की इस व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि इससे सरकार और संगठन के बीच सीधा संवाद स्थापित हो रहा है तथा समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक सरल और प्रभावी बनी है।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना साहू, प्रदेश सह कार्यालय मंत्री प्रीतेश गांधी तथा सहयोग केंद्र प्रभारी सच्चिदानंद उपासने भी उपस्थित रहे और कार्यकर्ताओं से प्राप्त आवेदनों के सुव्यवस्थित संचालन एवं समन्वय में अपनी सक्रिय भूमिका निभाई।


