कोरबा नगर निगम में विकास की नई उम्मीदें: नव नियुक्त एल्डरमैनों ने महापौर संजू देवी राजपूत से की सौजन्य भेंट, जनसेवा का लिया संकल्प



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//* कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा में नव नियुक्त एल्डरमैनों ने नगर निगम की महापौर संजू देवी राजपूत से सौजन्य भेंट कर उनका आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन प्राप्त किया। इस दौरान महापौर ने सभी नव नियुक्त एल्डरमैनों का आत्मीय स्वागत करते हुए नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं और विश्वास जताया कि वे जनसेवा, पारदर्शिता और विकास की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि नगर निगम में सभी एल्डरमैन की भूमिका शहर के विकास, नागरिक सुविधाओं के विस्तार और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान में महत्वपूर्ण रहेगी। उन्होंने सभी से जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।

नव नियुक्त एल्डरमैनों में दीपक यादव, ईश्वर साहू, शिव बालक सिंह तोमर, रितेश साहू, सतीश सिंह ठाकुर, रविशंकर शुक्ला, वैशाली रत्नपारखी, अनिलाल चौहान, नवदीप नंदा, मंदाकिनी त्रिपाठी एवं मनोज अग्रवाल शामिल हैं।
सौजन्य मुलाकात के दौरान सभी एल्डरमैनों ने नगर के सर्वांगीण विकास, जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देने और नगर निगम को अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया। महापौर ने सभी के सफल कार्यकाल की कामना करते हुए कहा कि जनविश्वास और जनसेवा ही प्रत्येक जनप्रतिनिधि की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।


