कांग्रेस का दोहरा चरित्र जनता के सामने बेनकाब : किशन साव



भूलसीडीह की घटना को लेकर उरगा मंडल अध्यक्ष का तीखा हमला, बोले—एक ओर कानून व्यवस्था पर सवाल, दूसरी ओर अपने ही लोगों की करतूत पर खामोशी
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//* कोरबा। भारतीय जनता पार्टी उरगा मंडल के अध्यक्ष किशन साव ने अपने फेसबुक पोस्ट के माध्यम से कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस का दोहरा चरित्र अब जनता के सामने पूरी तरह उजागर हो चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर कांग्रेस के नेता प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर राजनीति कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस से जुड़े लोगों पर गंभीर घटनाओं के आरोप लगने पर पार्टी पूरी तरह मौन है।
किशन साव ने अपनी पोस्ट में कहा कि भूलसीडीह की घटना में भाजपा किसान मोर्चा के मंडल मंत्री कपिलेश्वर धीरज के साथ हुई मारपीट ने कांग्रेस की कथनी और करनी का अंतर उजागर कर दिया है। उनका कहना है कि यदि कानून व्यवस्था पर सवाल उठाने वाले लोग अपने ही दल से जुड़े आरोपों पर चुप्पी साध लें, तो जनता सब समझती है।
उन्होंने कहा कि अपराध किसी भी व्यक्ति या दल से जुड़ा हो, उस पर निष्पक्ष और कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। राजनीतिक संरक्षण में हिंसा या दबंगई को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
किशन साव ने कहा कि भाजपा पीड़ित के साथ मजबूती से खड़ी है और दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई होने तक न्याय की मांग उठाती रहेगी। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर तत्काल कार्रवाई करने की मांग की और कहा कि कानून का राज कायम रखना सरकार और प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी है।
उन्होंने अपने संदेश में कहा कि जनता अब केवल बयानबाजी नहीं, बल्कि आचरण भी देख रही है और लोकतंत्र में दोहरे मापदंडों का जवाब जनता स्वयं देती है।


