January 21, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

कोरबा में सुशासन दिवस का ऐतिहासिक आयोजन, अटल जी के आदर्शों पर चलकर छत्तीसगढ़ को संवार रही है डबल इंजन सरकार : उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***/ कोरबा 25 दिसम्बर 2025
भारत रत्न, छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माता एवं देश के पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय स्व. अटल बिहारी वाजपेयी जी की 101वीं जयंती के अवसर पर कोरबा नगर में सुशासन दिवस का भव्य, गरिमामय एवं ऐतिहासिक आयोजन किया गया। जिला प्रशासन एवं नगर पालिक निगम कोरबा के संयुक्त तत्वावधान में विवेकानंद उद्यान के सामने स्थित अटल परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री श्री लखनलाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने की। कार्यक्रम की शुरुआत अटल परिसर में स्थापित अटल बिहारी वाजपेयी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ की गई।
इस अवसर पर राजधानी रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय सुशासन दिवस समारोह का लाइव प्रसारण भी किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रेरक उद्बोधन को उपस्थित अतिथियों एवं आम नागरिकों ने गंभीरता से सुना। कोरबा के नागरिक भी इस राज्य स्तरीय आयोजन में ऑनलाइन रूप से सहभागी बने।
मुख्य अतिथि उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने अपने विस्तृत उद्बोधन में कहा कि श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी ने छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण कर इस क्षेत्र को नई पहचान दी और आज प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ का सर्वांगीण विकास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अटल जी जैसे महान व्यक्तित्व के बारे में जितना कहा जाए, वह कम है। उन्होंने अपने संपूर्ण राजनीतिक जीवन में कभी भी अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया। वे ऐसे युगपुरुष थे जिनका सम्मान न केवल सत्ता पक्ष, बल्कि विपक्ष के नेता भी करते थे।

 

 

उद्योग मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि अटल जी की कार्यशैली, उनका आचरण, राष्ट्र के प्रति समर्पण और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनकी निष्ठा आज भी हर जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता के लिए प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने कहा कि आज का दिन इसलिए भी ऐतिहासिक है क्योंकि अटल जी की जयंती के अवसर पर प्रदेश के 115 शहरों में अटल परिसरों का लोकार्पण किया गया। कोरबा में निर्मित अटल परिसर की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि यह परिसर निश्चित रूप से प्रदेश के सर्वश्रेष्ठ अटल परिसरों में से एक है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में गांव-गांव अटल चौक के निर्माण तथा वर्तमान में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री श्री अरुण साव द्वारा सभी शहरों में अटल परिसरों के निर्माण को अटल जी के विचारों को जीवंत रखने का सशक्त प्रयास बताया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने अपने उद्बोधन में कहा कि भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी जी भारतीय राजनीति के युगपुरुष थे। उन्होंने राजनीति को सेवा, शुचिता और सिद्धांतों से जोड़ा। अटल जी अपने अटल निर्णयों के लिए जाने जाते थे और उन्हें कभी भी सत्ता का मोह नहीं रहा। उनका संपूर्ण जीवन देश सेवा, लोकतंत्र की मजबूती और जनहित को समर्पित था।
महापौर श्रीमती राजपूत ने बताया कि अटल जी की जयंती के उपलक्ष्य में नगर निगम कोरबा द्वारा 19 दिसम्बर से 25 दिसम्बर तक सभी 7 जोन कार्यालयों में सुशासन दिवस शिविरों का आयोजन किया गया, जिनमें बड़ी संख्या में नागरिकों की समस्याएं सुनी गईं और उनका निराकरण किया गया। उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान कर कोरबा को समस्यामुक्त शहर बनाना निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस अवसर पर प्रभारी कलेक्टर एवं निगम आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज का दिन एक ऐसे महान जननेता की जयंती का दिन है, जिन्होंने अपने जीवन में उत्कृष्ट आदर्श स्थापित किए और जीवनभर उन पर अडिग रहे। अटल जी की जयंती को सुशासन दिवस के रूप में मनाना उनके विचारों को आत्मसात करने का अवसर है।
उन्होंने निगम द्वारा आयोजित गुड गवर्नेंस वीक की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि 19 से 25 दिसम्बर तक आयोजित शिविरों में कुल 618 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 162 आवेदनों का तत्काल निराकरण किया गया, जबकि शेष 456 आवेदनों को आवश्यक प्रक्रिया में लेकर समय-सीमा के भीतर निराकरण किया जाएगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष श्री गोपाल मोदी ने अपने उद्बोधन में कहा कि श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की शख्सियत भारतीय राजनीति में अद्वितीय रही है। वे अजातशत्रु थे और सभी दलों के नेताओं के बीच सम्मान के पात्र थे। अटल जी कहा करते थे कि भारत कोई जमीन का टुकड़ा नहीं, बल्कि एक जीवंत राष्ट्रपुरुष है। उनकी सरकार भले ही एक वोट से गिर गई हो, लेकिन उन्होंने सत्ता के लिए कभी भी अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया।
कार्यक्रम में सभापति श्री नूतन सिंह ठाकुर, वरिष्ठ पार्षद नरेन्द्र देवांगन, अशोक चावलानी, लक्ष्मण श्रीवास, सत्येन्द्र दुबे, ममता यादव, अजय चन्द्रा, रामकुमार साहू, धनश्री साहू, राकेश वर्मा, अजय गोंड़, प्रताप सिंह कंवर, उर्वशी राठौर, सुलोचना यादव, सीमा कंवर, प्रीति शर्मा, मंडल अध्यक्ष राजेश राठौर, योगेश मिश्रा, मनोज लहरे, मनीष मिश्रा, दिलेन्द्र यादव, योगेश जैन, नवीन अरोरा, अजय विश्वकर्मा, जगदीश श्रीवास, प्रकाश अग्रवाल, राकेश अग्रवाल, नारायण सिंह ठाकुर, परविंदर सिंह सहित अन्य पार्षदगण, जनप्रतिनिधिगण, निगम के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
पूरा कार्यक्रम श्रद्धा, सुशासन और अटल विचारधारा को आत्मसात करने के संकल्प के साथ अत्यंत गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.