February 11, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

नगर निगम कोरबा को मिला सशक्त विधिक संबल, अधिवक्ता धनेश कुमार सिंह बने पैनल अधिवक्ता

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/कोरबा नगर निगम कोरबा की मेयर-इन-काउंसिल (एम.आई.सी.) की बैठक में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए अधिवक्ता धनेश कुमार सिंह को नगर निगम कोरबा का पैनल अधिवक्ता नियुक्त किए जाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। उनके उत्कृष्ट विधिक अनुभव, कार्यकुशलता एवं अब तक के प्रभावशाली प्रदर्शन को देखते हुए यह जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई है।
उल्लेखनीय है कि अधिवक्ता धनेश कुमार सिंह पूर्व से सीडीपीसीएल (CDPCL) के पैनल अधिवक्ता के रूप में सफलतापूर्वक सेवाएं दे रहे हैं। न्यायालय में उनकी सशक्त पैरवी, गहन विधिक समझ और मामलों के प्रभावी प्रस्तुतीकरण ने उन्हें विधिक जगत में एक अलग पहचान दिलाई है।
प्रस्ताव पारित होने के उपरांत माननीय महापौर, नगर निगम कोरबा ने अधिवक्ता धनेश कुमार सिंह को इस नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे न्यायालय में नगर निगम कोरबा के पक्ष को पूरी मजबूती, निष्ठा और प्रभावशीलता के साथ प्रस्तुत करेंगे तथा निगम के हितों की हर स्तर पर प्रभावी रक्षा करेंगे।
इस अवसर पर अधिवक्ता धनेश कुमार सिंह ने माननीय महापौर, एम.आई.सी. सदस्यों एवं नगर निगम प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है, उसका वे पूरी ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और संवैधानिक मूल्यों के अनुरूप निर्वहन करेंगे तथा नगर निगम के हितों की रक्षा को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बनाएंगे।
अधिवक्ता धनेश कुमार सिंह की नियुक्ति से नगर निगम कोरबा को न्यायालयों में मजबूत, सक्षम और प्रभावी विधिक प्रतिनिधित्व मिलने की उम्मीद जताई जा रही है, जिससे निगम से जुड़े मामलों में और अधिक मजबूती आएगी।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.