**भाजपा संगठन में नई ऊर्जा का संचार नितिन नवीन बने राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष, कोरबा सहित पूरे छत्तीसगढ़ में उत्साह का माहौल – गोपाल मोदी**






त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ कोरबा। भारतीय जनता पार्टी संगठन को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए पार्टी के छत्तीसगढ़ प्रभारी, बिहार के वरिष्ठ नेता एवं राज्य सरकार के मंत्री श्री नितिन नवीन को भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इस ऐतिहासिक घोषणा के बाद कोरबा सहित पूरे छत्तीसगढ़ में भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में अपार उत्साह और गर्व का वातावरण देखने को मिला।
भाजपा कोरबा जिलाध्यक्ष श्री गोपाल मोदी ने श्री नितिन नवीन को इस नई राष्ट्रीय जिम्मेदारी के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित करते हुए कहा कि यह नियुक्ति संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं के मनोबल को नई ऊँचाई देने वाली है। उन्होंने कहा कि श्री नितिन नवीन पटना जिले की बांकीपुर विधानसभा से पाँच बार विधायक रह चुके हैं और बिहार सरकार में पथ निर्माण तथा नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री के रूप में उन्होंने विकास, सुशासन और जनसेवा का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है।
श्री गोपाल मोदी ने कहा कि श्री नितिन नवीन के नेतृत्व में बिहार में अनेक ऐतिहासिक और जनोपयोगी विकास कार्य धरातल पर उतरे हैं, जिनका लाभ सीधे आम जनता को मिला है। छत्तीसगढ़ प्रभारी के रूप में भी उन्होंने संगठनात्मक दृष्टि से प्रभावी कार्य करते हुए बूथ स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक पार्टी को मजबूती प्रदान की है। उनका व्यापक संगठनात्मक अनुभव, दूरदर्शी सोच, अनुशासित कार्यशैली और कर्मठ नेतृत्व भारतीय जनता पार्टी को राष्ट्रीय स्तर पर नई ऊँचाइयों तक ले जाने में निर्णायक भूमिका निभाएगा।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि श्री नितिन नवीन के मार्गदर्शन में भाजपा देशभर में संगठनात्मक रूप से और अधिक सुदृढ़ होगी तथा “सबका साथ, सबका विकास” के संकल्प को नई दिशा और गति प्राप्त होगी।
इस अवसर पर भाजपा जिला प्रभारी श्री अनिल केशरवानी ने भी श्री नितिन नवीन को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने पर शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह निर्णय संगठन के लिए मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि श्री नितिन नवीन के नेतृत्व में पार्टी को नई मजबूती मिलेगी और भाजपा राष्ट्रव्यापी स्तर पर और अधिक प्रभावी, संगठित एवं जनविश्वास से परिपूर्ण होकर आगे बढ़ेगी।
श्री नितिन नवीन की नियुक्ति को भाजपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया है और इसे संगठन की भावी रणनीति एवं सशक्त नेतृत्व का स्पष्ट संकेत माना जा रहा है।





