March 29, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

कटघोरा के सुतर्रा विद्यालय में मानव सेवा मिशन का स्नेह उपहार—सभी बच्चों को मिले स्वेटर, आंगनबाड़ी में वितरित हुई जैकेट

 

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ कटघोरा/कोरबा। शीत लहर के बीच जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से समाजसेवी संस्था मानव सेवा मिशन द्वारा संचालित गर्म वस्त्र वितरण अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में अभियान के पांचवें चरण के तहत शनिवार को ग्राम सुतर्रा स्थित प्राथमिक शाला में कक्षा पहली से पांचवीं तक के सभी विद्यार्थियों को स्वेटर, तथा आंगनबाड़ी केंद्र के नन्हे-मुन्नों को जैकेट वितरित किए गए।

इस अवसर को खास बनाने की पहल संस्था के सक्रिय सदस्य अमर पटेल ने की। उन्होंने अपने जन्मदिन को यादगार बनाते हुए अपने ही बचपन के विद्यालय में अध्ययनरत सभी बच्चों को स्वेटर एवं आंगनबाड़ी बच्चों को जैकेट प्रदान किए। गर्म कपड़े पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे। शाला परिवार ने मानव सेवा मिशन के प्रति आभार व्यक्त किया।

 

 

मानव सेवा मिशन, जो मुख्यतः बालको संयंत्र में कार्यरत युवाओं द्वारा संचालित समाजसेवी संस्था है, हर वर्ष ठंड के मौसम में जरूरतमंद लोगों और स्कूली बच्चों के लिए गर्म कपड़ों का वितरण अभियान चलाती है। इस वर्ष अब तक अभियान के पांच चरण पूरे हो चुके हैं, जिनमें—

कोरबा शहर, रेलवे स्टेशन,

ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड

बेघर, बेसहारा और घुमंतु परिवार

पहाड़ी कोरवा ग्राम टोंका भांठा एवं बाघमारा

तथा कटघोरा क्षेत्र के स्कूली बच्चों

को कंबल व स्वेटर वितरित किए गए हैं।

संस्था के सदस्यों ने बताया कि ठंड के दौरान यह अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि अधिकाधिक जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाई जा सके।

सेवा कार्य में मानव सेवा मिशन के केशव चन्द्रा, अमर पटेल, राम सहाय पटेल, राजेश पटेल, कमला देवी, माधुरी चन्द्रा, उमा पटेल और स्मिता पटेल सक्रिय रूप से शामिल रहे।
शाला परिवार की ओर से शिक्षिका सुषमा साहू सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.