February 12, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

उत्तम ओड़िशा हमारा संकल्प, भाजपा करेगी विकास का नया अध्याय – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

 

 त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***/ रायपुर, 06 नवम्बर 2025।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने नुआपाड़ा विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी श्री जय ढोलकिया के समर्थन में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि “उत्तम ओड़िशा, हम सबका संकल्प है”। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के जीवन में ऐतिहासिक परिवर्तन आया है और यह बदलाव देशभर में विकास और आत्मनिर्भरता की नई दिशा दिखा रहा है।

 

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि ओड़िशा और छत्तीसगढ़ के बीच हमेशा आत्मीय संबंध रहे हैं। दोनों राज्यों की संस्कृति, परंपराएं और जीवनशैली एक समान हैं, और हम सब पर भगवान श्री जगन्नाथ का आशीर्वाद सदा बना हुआ है। उन्होंने कहा कि ओड़िशा के विकास के लिए भाजपा सरकार ने स्पष्ट दृष्टिकोण और मजबूत इच्छाशक्ति के साथ कार्य प्रारंभ किया है।

श्री साय ने बीजेडी शासनकाल की नीतियों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि “पहले ओड़िशा में विकास ठहर गया था। जनता के मन में यह सवाल था कि मुख्यमंत्री नवीन बाबू थे या पांडियन?” उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री मोहन मांझी के नेतृत्व में अब ओड़िशा तेज़ी से विकास के मार्ग पर अग्रसर है। भाजपा सरकार ने पारदर्शी शासन और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि भाजपा हमेशा से जनजातीय समाज का सम्मान करती आई है। इसी भावना के कारण आज देश की सर्वोच्च संवैधानिक पद पर जनजातीय समाज की बेटी श्रीमती द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति पद का गौरवपूर्वक निर्वहन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि “मैं स्वयं और मुख्यमंत्री मोहन मांझी भी इसी समाज से हैं, जो जनसेवा और समाज उत्थान के लिए समर्पित हैं।”

उन्होंने बताया कि मांझी सरकार ने अब तक नुआपाड़ा जिले के विकास के लिए 1101 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की है, जिसमें से 800 करोड़ रुपये जल परियोजनाओं पर व्यय किए जा रहे हैं। यह दर्शाता है कि सरकार जनहित के प्रति कितनी प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि ओड़िशा और छत्तीसगढ़ दोनों ही राज्यों में “डबल इंजन की सरकार” काम कर रही है और हर वर्ग को इसका लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि “छत्तीसगढ़ में ‘महतारी वंदन योजना’ और ओड़िशा में ‘सुभद्रा योजना’ जैसी योजनाएं महिलाओं को आर्थिक सशक्तिकरण का माध्यम बन रही हैं।”

श्री साय ने आगे कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ छत्तीसगढ़ और ओड़िशा सरकारें मिलकर काम कर रही हैं, जिसके परिणामस्वरूप दोनों राज्यों में शांति और विकास का माहौल बन रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं से जनजातीय अंचलों में नया आत्मविश्वास जन्मा है।

 

मुख्यमंत्री श्री साय ने जनता से अपील करते हुए कहा कि स्वर्गीय वरिष्ठ विधायक श्री राजेन्द्र धोलकिया के पुत्र श्री जय धोलकिया को समर्थन देकर “उत्तम ओड़िशा” के संकल्प को पूरा करें। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ओड़िशा को विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता के मार्ग पर अग्रसर करेगी।

इस अवसर पर भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं ओड़िशा सह प्रभारी सुश्री लता उसेंडी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री बसंत पंडा, प्रदेश उपाध्यक्ष श्री जगन्नाथ पाणिग्रही, विधायक श्री पुरंदर मिश्रा एवं श्री रोहित साहू सहित अनेक वरिष्ठ कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.