कोरबा: छात्रावासों में महिला होमगार्ड की होगी तैनाती, कलेक्टर ने समय सीमा बैठक में दिए अहम निर्देश



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***/ जिला कलेक्टर अजीत वसंत ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा बैठक लेकर विभिन्न विभागों की कार्यप्रगति की गहन समीक्षा की और अधिकारियों को अनेक महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं और जनहित से जुड़े कार्यों को गंभीरता से लिया जाए तथा निर्धारित समयसीमा में कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
कन्या छात्रावासों में महिला सुरक्षा की पहल
बैठक में कलेक्टर ने जिले के सभी कन्या छात्रावासों और कन्या आवासीय विद्यालयों में बालिकाओं की सुरक्षा के दृष्टिकोण से डीएमएफ मद से महिला होमगार्ड की नियुक्ति किए जाने हेतु कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग को दिए। उन्होंने कहा कि इस योजना में स्थानीय महिलाओं को प्राथमिकता दी जाए, जिससे रोजगार भी सृजित हो सके।
किसानों का एग्रीस्टेक पोर्टल में शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश
आगामी धान खरीदी सीजन को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने एग्रीस्टेक पोर्टल में जिले के शेष किसानों का शीघ्र पंजीयन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिना फार्मर आईडी के किसानों को धान बिक्री में परेशानी होगी, इसलिए संबंधित विभाग तेजी से कार्य पूर्ण करें।
ई-ऑफिस प्रणाली अनिवार्य, 15 अगस्त के बाद ऑफलाइन फाइलें नहीं चलेंगी
जिला प्रशासन में ई-गवर्नेंस को बढ़ावा देते हुए कलेक्टर ने सभी विभागों को 15 अगस्त के बाद ई-ऑफिस प्रणाली के तहत ही फाइलों का संचालन करने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी विभाग ई-ऑफिस से संबंधित प्रशिक्षण समय रहते पूर्ण कर लें, अन्यथा फाइलें ऑफलाइन स्वीकार नहीं की जाएंगी।
स्थानांतरण के बाद जॉइनिंग नहीं करने वालों पर कार्यवाही
जिले में स्थानांतरण के पश्चात नियुक्त स्थान पर जॉइनिंग नहीं करने वाले कर्मचारियों को शो कॉज नोटिस जारी कर विभागीय कार्यवाही करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।
आयुष्मान और वयवंदन कार्ड निर्माण में तेजी लाने के निर्देश
कलेक्टर ने आयुष्मान भारत और वयवंदन योजना के कार्ड निर्माण कार्य की अनुविभागवार समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में वंचित हितग्राहियों को सूचीबद्ध कर विशेष शिविर लगाकर कार्ड बनाए जाएं। उन्होंने आधार अपडेशन के लंबित मामलों को भी प्राथमिकता से पूर्ण करने को कहा।
पेंशन और डीबीटी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर
कलेक्टर ने सभी विभागों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु हितग्राहियों का आधार सीडिंग और डीबीटी के माध्यम से भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से राजस्व, शिक्षा, स्वास्थ्य जैसे प्रमुख विभागों को जमीनी स्तर पर योजनाओं की मॉनिटरिंग बढ़ाने की बात कही।
जल प्रदाय योजना की जांच हेतु समिति गठित
कोरबा नगरीय क्षेत्र में डीएमएफ से स्वीकृत जल प्रदाय योजना हेतु प्राप्त प्राक्कलन की जांच के लिए तीन सदस्यीय तकनीकी समिति का गठन किया गया है। इसमें लोक निर्माण विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग एवं जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता शामिल हैं।
जनशिकायतों के निराकरण में भी तेजी लाने के निर्देश
कलेक्टर ने पीजीएन, मुख्यमंत्री जनदर्शन, जनशिकायत पोर्टल सहित सभी माध्यमों से प्राप्त शिकायतों के त्वरित निराकरण हेतु सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
इस समीक्षा बैठक में कटघोरा वनमण्डलाधिकारी कुमार निशांत, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय, जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग, अपर कलेक्टर अनुपम तिवारी, मनोज बंजारे सहित सभी विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


