May 10, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

छत्तीसगढ़ में समय पर पहुंची पाठ्यपुस्तकें: 10वीं तक के छात्रों को सत्र शुरू होते ही किताबें उपलब्ध, मुख्यमंत्री ने की सराहना

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ रायपुर। छत्तीसगढ़ के छात्रों के लिए राहत भरी खबर है। राज्य में इस वर्ष शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ ही कक्षा 1 से 10वीं तक की पाठ्यपुस्तकें समय पर छात्रों तक पहुंच गई हैं। छत्तीसगढ़ पाठ्यपुस्तक निगम के अध्यक्ष राजा पाण्डेय ने बताया कि यह उपलब्धि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देशन में संभव हो सकी है।

अध्यक्ष पाण्डेय ने कहा कि प्रदेशभर में पहली बार 10वीं तक की किताबें सत्र के आरंभ में ही छात्रों को उपलब्ध करा दी गई हैं। इस कार्य की जिम्मेदारी पाठ्यपुस्तक निगम ने सफलतापूर्वक निभाई। पिछले शिक्षा सत्र में कुछ अनियमितताओं के कारण किताबों में देरी हुई थी, जिसे इस बार दूर करने के लिए निगम ने विशेष निगरानी रखी।

पाठ्यपुस्तक निगम ने इस वर्ष कुल 2 करोड़ 41 लाख किताबें प्रकाशित कीं। 17-18 जून 2025 तक ये किताबें प्रदेश के सभी डिपो तक पहुंचा दी गईं। स्कूलों में कक्षा 9वीं और 10वीं की किताबें भी भेज दी गई हैं और बारकोड स्कैनिंग के जरिए 90% किताबों के वितरण की पुष्टि हो चुकी है।

सरकारी स्कूलों के साथ-साथ आत्मानंद विद्यालयों में भी किताबें पहुंच गई हैं। यहां किताबों की 160% तक आपूर्ति पूरी हो गई है। प्राइवेट स्कूलों के लिए जिला शिक्षा अधिकारियों के माध्यम से किताबें वितरित की जा रही हैं।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि स्कूलों में सत्र शुरू हो चुका है, इसलिए किताबों को जल्द से जल्द छात्रों तक पहुंचाना जरूरी था। उन्होंने निर्देश दिए कि प्राइवेट स्कूलों को भी उनकी संख्या के अनुसार किताबें 7 दिनों के भीतर उपलब्ध कराई जाएं और सभी स्कूलों में बारकोड स्कैनिंग सुनिश्चित हो।

अध्यक्ष पाण्डेय ने बताया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में पाठ्यपुस्तक वितरण की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और प्रभावी रही। निगम ने यह भी सुनिश्चित किया कि इस बार किसी भी स्कूल को किताबों की कमी का सामना न करना पड़े।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.