हायर सेकेंडरी स्कूल बिंझरा में एसएमडीसी की बैठक सम्पन्न, राष्ट्रीय योजना के तहत विद्यार्थियों को दिए गए प्रशस्ति पत्र




त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ बिंझरा, विकासखंड पौड़ी उपरोड़ा, 30 जून 2025। शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल बिंझरा में आज शाला प्रबंधन एवं विकास समिति (एसएमडीसी) की बैठक का आयोजन सफलता पूर्वक किया गया। बैठक में विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, संसाधनों की उपलब्धता, छात्रों की उपस्थिति तथा शाला विकास की आगामी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय योजना के अंतर्गत चयनित विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र वितरित किए गए। यह सम्मान उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन और सक्रिय सहभागिता के लिए दिया गया, जिससे छात्र-छात्राओं के मनोबल में वृद्धि हुई।
इस अवसर पर एसएमडीसी अध्यक्ष श्री विष्णु यादव, ग्राम पंचायत बिंझरा के सरपंच चंद्रिका देवी पोरते , सदस्य शंभू शरण सिंह, उप सरपंच श्री राजेश सिंह ठाकुर, श्री सुरेंद्र प्रताप, विद्यालय के प्राचार्य श्री मनोज कुमार टंडन, शिक्षिका श्रीमती संध्या साहू एवं खांडे सर विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं और शिक्षा के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी।
बैठक में विद्यालय की गुणवत्ता सुधार, छात्रों के सर्वांगीण विकास और शैक्षणिक उपलब्धियों को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक सुझाव भी प्रस्तुत किए गए। प्राचार्य श्री मनोज कुमार टंडन ने सभी अतिथियों और समिति सदस्यों का आभार प्रकट करते हुए कहा कि सामूहिक सहयोग से विद्यालय निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है।
कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ और उपस्थित सभी जनों ने विद्यालय परिवार की इस पहल की सराहना की।


