March 19, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

“सौर ऊर्जा से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ा कोरबा – प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना से श्री अशोक अग्रवाल को मिली रोशनी और राहत”

सौर ऊर्जा से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ा कोरबा – प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना से श्री अशोक अग्रवाल को मिली रोशनी और राहत

कोरबा, 26 जून 2025/
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/   प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के सुशासन में क्रियान्वित प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना आम नागरिकों के जीवन को नई दिशा दे रही है। यह योजना न केवल घरेलू बिजली संकट को दूर कर रही है, बल्कि आमजन को आर्थिक रूप से भी सशक्त बना रही है और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में मील का पत्थर साबित हो रही है।

बीते कुछ वर्षों में बिजली बिलों में बेतहाशा वृद्धि, बिजली कटौती और गर्मी के मौसम में अत्यधिक बिजली संकट ने आम नागरिकों को परेशान कर रखा था। ऐसे समय में सूर्यघर योजना एक आशा की किरण बनकर उभरी है। योजना के तहत नागरिक अपने घरों की छतों पर सौर पैनल स्थापित कर सकते हैं, जिससे प्रतिमाह 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली मिल रही है।

इस योजना में केंद्र सरकार द्वारा 30,000 से लेकर 78,000 रुपये तक की सब्सिडी प्रदान की जा रही है। साथ ही सस्ती ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराए जाने से अब मध्यम और निम्न आय वर्ग के लोग भी सोलर एनर्जी की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं।

कोरबा जिले के छुरी गांव निवासी श्री अशोक अग्रवाल इस योजना के एक सफल उदाहरण हैं। उन्होंने बताया कि योजना की जानकारी मिलते ही उन्होंने अपने घर की छत पर 3 किलोवाट का सोलर पैनल लगवाया, जो महज 3 से 4 दिनों में इंस्टॉल हो गया और बिजली उत्पादन शुरू कर दिया। उन्हें शासन की ओर से 78,000 रुपये की सब्सिडी प्राप्त हुई, जिससे लागत काफी कम हो गई।

श्री अग्रवाल ने बताया कि पहले उनके घर और पास ही स्थित उनके राइस मिल में बिजली की खपत अधिक थी, जिससे हर महीने भारी भरकम बिल आता था। लेकिन अब सोलर सिस्टम लगने के बाद उनका बिजली बिल शून्य हो गया है और बिजली की सप्लाई भी अबाधित बनी हुई है।

उन्होंने बताया, “पहले थोड़ी सी बारिश या आंधी आने पर बिजली कट जाती थी। लेकिन अब पूरे मौसम भर बिजली मिलती रही, जिससे घर और व्यवसाय दोनों में राहत मिली है।” उन्होंने आगे कहा कि कोरबा जैसे औद्योगिक जिले में जहां बिजली की मांग बहुत अधिक है, वहाँ यह योजना विशेष रूप से उपयोगी साबित हो रही है।

श्री अग्रवाल ने अन्य लोगों को भी योजना का लाभ लेने की अपील करते हुए बताया कि वे अपने अनुभव को अपने परिचितों के साथ साझा कर रहे हैं और उन्हें भी सोलर पैनल लगाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।

उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना न केवल वर्तमान की ज़रूरतों को पूरा कर रही है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी एक स्वच्छ, सस्ती और आत्मनिर्भर ऊर्जा व्यवस्था की दिशा में क्रांतिकारी पहल है।

प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना आज कोरबा सहित पूरे प्रदेश में लोगों के जीवन को रोशन कर रही है और ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में ऊर्जा आत्मनिर्भरता की मिसाल बन रही है। सौर ऊर्जा से सशक्त होते परिवारों की कहानियां अब हर गली-मोहल्ले से सामने आ रही हैं। यह योजना आने वाले वर्षों में प्रदेश की ऊर्जा संरचना को पूरी तरह से बदलने की क्षमता रखती है।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.