भाजपा पोड़ी लाफा मंडल में मनाई गई लोकमाता अहिल्याबाई होलकर जी की 300वीं जयंती, मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर दी गई श्रद्धांजलि





त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ पोड़ी लाफा भारतीय जनता पार्टी पोड़ी लाफा मंडल द्वारा पुण्य स्मृति लोकमाता अहिल्याबाई होलकर जी की 300वीं जन्म जयंती अत्यंत श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके जीवन और योगदान को याद करते हुए सेवा कार्यों में भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने लोकमाता अहिल्याबाई होलकर जी के अद्वितीय योगदान को रेखांकित करते हुए बताया कि उन्होंने न केवल अपने राज्य में बल्कि सम्पूर्ण भारत में मानवता और धर्म की सेवा हेतु अतुलनीय कार्य किए। उन्होंने काशी विश्वनाथ में शिवलिंग की स्थापना, मंदिरों, घाटों, कुओं, बावड़ियों, मार्गों के निर्माण, अन्नसत्रों की स्थापना तथा विद्वानों को प्रोत्साहित करने जैसे महत्वपूर्ण कार्य किए। उनके कार्य आज भी प्रेरणास्रोत बने हुए हैं।

इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जयंती पर्व को सेवा पर्व के रूप में मनाया। पोड़ी स्थित दुर्गा मंदिर एवं पंचमुखी हनुमान मंदिर परिसर में सफाई अभियान चलाया गया और स्वच्छता के माध्यम से लोकमाता के प्रति श्रद्धा व्यक्त की गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा मंडल अध्यक्ष श्री विपिन कौशिक ने की। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि “जनसेवा और सेवा कार्य ही लोकमाता अहिल्याबाई होलकर जी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। हम सभी को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर समाज सेवा के कार्यों में जुटना चाहिए।”
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से अजीत कश्यप, सतेश्वर कश्यप, पंडालिक राव शिंदे, अशोक सारथी, अश्वनी कश्यप, रामचंद कश्यप, चंदलाल पटेल, अमृत पटेल, पप्पू सारथी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर स्वच्छता अभियान में भाग लेते हुए लोकमाता के आदर्शों का अनुसरण करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित एवं समाज सेवा के प्रति निष्ठा की शपथ के साथ किया गया।


