कन्या महाविद्यालय में छात्राओं को मिली बड़ी सौगात — कैंटीन भवन निर्माण का लेआउट तैयार, वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी




त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ शासकीय मिनीमाता कन्या महाविद्यालय की छात्राओं के लिए लंबे समय से लंबित एक महत्वपूर्ण आवश्यकता अब पूरी होने जा रही है। कॉलेज में कैंटीन भवन, किचन एवं स्टोर रूम के निर्माण के लिए आज विधिवत रूप से लेआउट कार्य संपन्न हुआ।
यह कार्य जनभागीदारी अध्यक्ष एवं पार्षद श्रीमती वर्षा दिनेश वैष्णव के सतत प्रयासों एवं नेतृत्व में संभव हो सका। उनके साथ इस प्रक्रिया में पूर्व पार्षद एवं जनभागीदारी सदस्य श्री दिनेश वैष्णव, जोन कमिश्नर श्री चंद्रा, ठेकेदार एवं नगर निगम के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

कॉलेज की स्थापना के समय से ही यहां छात्राओं के लिए कैंटीन की सुविधा नहीं थी, जिसके कारण भोजन एवं नाश्ते की व्यवस्था बाहर से करनी पड़ती थी। इस असुविधा के कारण छात्राओं को कई बार समस्याओं का सामना करना पड़ता था। कॉलेज प्रशासन, छात्राएं एवं अभिभावक लंबे समय से इस मांग को उठा रहे थे।
छत्तीसगढ़ शासन के श्रम, उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री माननीय लखन लाल देवांगन जी को यह मांग पहुँचाई गई, जिसके पश्चात जनभागीदारी अध्यक्ष श्रीमती वर्षा दिनेश वैष्णव ने उसे मूर्त रूप देने की दिशा में सक्रिय पहल की। उनके प्रयासों के फलस्वरूप आज कॉलेज परिसर में भवन निर्माण के लिए स्थान का चयन कर लेआउट प्रक्रिया पूरी की गई।
यह भवन छात्राओं को न केवल स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण में भोजन उपलब्ध कराएगा, बल्कि महाविद्यालय की मूलभूत सुविधाओं को भी सशक्त करेगा।
उल्लेखनीय है कि यह परियोजना नारी शिक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो बालिकाओं को बेहतर सुविधा एवं आत्मनिर्भरता की ओर प्रेरित करेगी।
इस अवसर पर सभी संबंधित अधिकारियों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने एकमत होकर इस पहल की सराहना की और निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण करने का संकल्प लिया।


