March 15, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

*स्काई वॉक के लिए अलग से बजट प्रावधान नहीं, पूर्व में स्वीकृत राशि से ही बनेगा : मूणत*

 

*पूर्व मंत्री व विधायक मूणत पत्रकार वार्ता में गरजे : पाँच साल के शासनकाल में कांग्रेस ने राजधानी के विकास के लिए एक भी काम नहीं किया है, केवल भ्रष्टाचार किया*

*प्रदेश सरकार के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित कर मूणत ने कहा : स्काई वॉक बनने से पैदल चलने वाले लोगों को काफी राहत मिलेगी, ट्रैफिक और हादसे नियंत्रित होंगे*

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ *रायपुर।* प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री व रायपुर पश्चिम के विधायक राजेश मूणत ने राजधानी के ड्रीम प्रोजेक्ट स्काई-वॉक के निर्माण कार्य को आगे बढ़ाने के लिए प्रशासनिक स्वीकृति देते हुए 37 करोड़ रुपए का आवंटन करने पर प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उप मुख्यमंत्री/लोक निर्माण मंत्री अरुण साव का आभार मानते हुए इस योजना को लेकर कांग्रेस के शासनकाल में की गई राजनीति और इस काम में अड़ंगेबाजी को लेकर कांग्रेस पर जमकर हमला बोला है। श्री मूणत ने साफ-साफ शब्दों में कहा है कि अब इस काम की लागत में जो बढ़ोतरी होगी, उसके लिए कांग्रेस की पिछली भूपेश सरकार जिम्मेदार होगी और कांग्रेस इस जवाबदेही से कतई नहीं बच सकती।

भाजपा विधायक श्री मूणत ने शनिवार को यहाँ एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में आहूत पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि डेवलपमेंट विजन के साथ स्काई वॉक निर्माण कार्य डॉ. रमन सिंह के के मुख्यमंत्रित्व काल में सरकार की प्रक्रियाओं का शत-प्रतिशत पालन किया गया था। 2016-17 में बजट में प्रावधान करके शास्त्री चौक से जयस्तंभ चौक और शास्त्री चौक से जेल तिराहे तक जो लोग पैदल चलते हैं, उसके कारण ट्रैफिक डिस्टर्ब होता है, तेज रफ्तार वाहनों के कारण दुर्घटनाओं का अंदेशा बना रहता है, उस दृष्टि से अध्ययन करने के उपरांत 2016-17 में बजट में इसका प्रावधान किया गया। सरकार ने उसकी प्रशासनिक स्वीकृति जारी की। उसी वर्ष प्रशासनिक एजेंसी ने सर्वे करने के लिए एजेंसी का टेंडर आमंत्रित किया, जिसमें दो एजेंसी ने भागीदारी की। स्काई व़क की उपयोगिता और आवश्यकता पर डिटेल सर्वे आया। श्री मूणत ने बताया कि सर्वे आने के बाद इसके तीन प्रेजेंटेशन इस रायपुर शहर के अंदर हुए, जिसमें नगर निगम के उस समय की महापौर डॉ. किरणमयी नायक, सत्यनारायण शर्मा, प्रमोद दुबे, निगम कमिश्नर, कलेक्टर, यातायात विभाग के अधिकारी, पीडब्ल्यूडी के अधिकारी सब लोगों ने संयुक्त रूप से इस प्रेजेंटेशन को देखा और सब लोगों ने अपने सुझाव के अनुसार उसमें सुझाव भी दिए। उन सुझावों का समावेश करने के उपरांत फाइनल उसका प्राक्कलन (इस्टीमेट) बनाकर राज्य सरकार को टेंडर की प्रक्रिया और प्रशासनिक स्वीकृति के लिए आवेदन किया गया। पीडब्ल्यूडी द्वारा उसकी प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के उपरांत टेंडर हुआ। 2017 में यह काम चालू हुआ। जिस दिन उसका भूमिपूजन हुआ, उस दिन रायपुर के समाचार पत्रों में विज्ञापन के साथ-साथ पूरी डिटेल जनता के बीच रखी गई। श्री मूणत ने कहा कि विधानसभा में कभी भी कांग्रेस पार्टी के किसी नेता ने कोई सवाल नहीं उठाया। कभी कोई बात नहीं की।

भाजपा विधायक श्री मूणत ने कहा कि जब स्काई वॉक का काम शुरू हुआ था तब स्मार्ट सिटी योजना शुरू नहीं हुई थी। भाजपा की हमारी तत्कालीन सरकार ने पहले उन योजनाओं पर भी काम किया ताकि सड़क आवागमन सुविधाजनक हो, ट्रैफिक जाम की स्थिति न हो। स्काई व़ॉक के साथ जुड़ी विभिन्न सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए श्री मूणत ने कहा कि 2018 में प्रदेश में हे सत्ता परिवर्तन के बाद तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कह दिया कि स्काई वॉक नहीं बनना चाहिए। हालाँकि इसका कोई आधिकारिक आदेश संबंधित विभाग ने नहीं निकाला था। तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने तीन स्तरों पर इसकी जाँच कराई। तमाम जाँच प्रक्रियाओं के बाद यह निष्कर्ष निकला कि राजधानी की आवश्यकता और इस काम में खर्च हो चुकी राशि को देखते हुए इस स्काई व़ॉक को पूर्ण करना चाहिए। लेकिन तत्कालीन मुख्यमंत्री बघेल व कांग्रेस नेताओं ने इस रिपोर्ट को गंभीरता से नहीं लिया। स्काई वॉक को लेकर कांग्रेस सरकार के रवैये पर तंज कसते हुए श्री मूणत ने कहा कि बाद में फिर से हुई जाँच की रिपोर्ट में इस योजना को क्लीन चिट देते हुए कहा गया कि इस काम में कहीं भी किसी प्रकार का भ्रष्टाचार नहीं हुआ है। श्री मूणत ने चुनौती देते हुए कहा कि अगर स्काई वॉक में कोई भ्रष्टाचार हुआ तो इससे संबंधित फाइल, अधिकारी तत्कालीन भूपेश सरकार के पास थे तो उन्होंने कार्रवाई क्यों नहीं की?

भाजपा विधायक श्री मूणत ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सत्ता में वापसी के बाद जब मुख्यमंत्री श्री साय, उप मुख्यमंत्री श्री साव व वित्त मंत्री के समक्ष इस बारे में डिटेल प्रेजेंटेशन दिया गया, तब इसके निर्माण को पूर्ण करने का निर्णय लेकर शेष 37 करोड़ रुपए के कार्य की पूर्णता के लिए राशि आवंटन किया गया है। कांग्रेस नेताओं द्वारा इस काम की लागत को लेकर किए जा रहे मिथ्या प्रचार पर कटाक्ष करते हुए श्री मूणत ने कहा कि यह राशि पूर्व में स्वीकृत बजट की ही राशि है, कोई अतिरिक्त राशि प्रदान नहीं की गई है। कांग्रेस केवल आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति कर रही है। दरअसल कांग्रेस के पास विकास का विजन ही नहीं है। पाँच साल के शासनकाल में कांग्रेस ने राजधानी के विकास के लिए एक भी काम नहीं किया है, केवल भ्रष्टाचार किया। श्री मूणत ने कहा कि छत्तीसगढ़ हमने बनाया, हम ही सवाँरेंगे। कांग्रेस ने बिना दस्तावेजी प्रेजेंटेशन के, बिना सर्वे और बिना बजट प्रावधान के केवल हवा-हवाई घोषणाएँ की और भूमिपूजन करके प्रदेश को बरगलाने का काम किया। स्काई वॉक के काम को पूरा करने और राजधानी की जरूरत को पूरा करने में सहयोग के लिए श्री मूणत ने प्रदेश सरकार और शहर की जनता के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित की।

पत्रकार वार्ता में प्रदेश मीडिया सह प्रभारी अनुराग अग्रवाल, जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर, सोशल मीडिया सह प्रभारी मितुल कोठारी मौजूद रहे।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.