“टी.पी. नगर कोरबा में गंदगी का अड्डा बने होटल! सेंटर पॉइंट और डिलिशियस होटल की लापरवाही से राहगीर हो रहे परेशान”




त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ कोरबा जिले के टी.पी. नगर क्षेत्र में स्थित होटल सेंटर पॉइंट और होटल डिलिशियस के बीच की सड़क इन दिनों गंदगी और बदबू का केंद्र बन चुकी है। राहगीरों और स्थानीय निवासियों के लिए यह रास्ता अब किसी मुसीबत से कम नहीं है।
इन दोनों होटलों से निकलने वाला गंदा पानी और बचा हुआ भोजन खुलेआम नालियों और सड़कों पर बहाया जा रहा है, जिससे पूरे इलाके में दुर्गंध फैली हुई है। सड़क पर फैली गंदगी के कारण लोगों को चलना मुश्किल हो गया है। विशेषकर सुबह और शाम के समय जब आवाजाही अधिक होती है, तब राहगीरों को इस बदबूदार माहौल से सबसे ज्यादा परेशानी होती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई है। नालियों का पानी सड़क पर बहता रहता है और होटल से निकलने वाला सड़ा-गला खाना नाली को जाम कर देता है, जिससे पानी ओवरफ्लो होकर रोड पर फैल जाता है।
यह स्थिति न केवल लोगों की असुविधा का कारण बन रही है, बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरा उत्पन्न कर रही है। गंदगी से मच्छर, मक्खियाँ और अन्य कीट-पतंगे पनप रहे हैं, जिससे डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा बना हुआ है।

प्रशासन से मांग की जा रही है कि होटल संचालकों पर सख्त कार्रवाई की जाए और सड़क की सफाई व नाली की व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए ताकि आम नागरिकों को राहत मिल सके। साथ ही यह भी अपेक्षा की जा रही है कि संबंधित विभाग इस मुद्दे को गंभीरता से लें और स्थायी समाधान निकालें।
नगर निगम और स्वच्छता विभाग से अपील है कि इस मुद्दे को प्राथमिकता देकर त्वरित सफाई अभियान चलाया जाए, अन्यथा लोगों को मजबूरन प्रदर्शन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।


