March 14, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

ऑपरेशन सिंदूर’ की गूंज तिरंगा यात्रा में, सीएम विष्णुदेव बोले – अब भारत आतंक का जवाब उसी की भाषा में देगा

 

 त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ रायपुर। जिन्ह मोहिं मारा ते मैं मारे’—रामचरितमानस की इस पंक्ति के भाव को साकार करती हुई राजधानी रायपुर की सड़कों पर बुधवार को तिरंगा यात्रा निकली, जिसमें देशप्रेम का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस मौके पर पाकिस्तान को चेतावनी देते हुए कहा कि अब भारत केवल शब्दों से नहीं, बल्कि कर्मों से उत्तर देगा। उन्होंने कहा कि आतंकवाद के विरुद्ध छेड़े गए निर्णायक युद्ध में भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के माध्यम से अपने शौर्य, कूटनीति और रणनीति का ऐसा परिचय दिया है, जिसे दुनिया ने न केवल सराहा, बल्कि पाकिस्तान को अलग-थलग भी कर दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत ने अब यह सिद्ध कर दिया है कि हम एक जिम्मेदार शक्ति हैं, लेकिन जरूरत पड़ने पर दुश्मन को उसके घर में घुसकर मार सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की रणनीति ने पाकिस्तान को पूरी तरह एक्सपोज कर दिया। श्री साय ने कहा कि “हमने किसी सिविलियन पर हमला नहीं किया, पर आतंक के अड्डों को नष्ट कर दिया। यही हमारी नीति है – जवाब दो, पर मर्यादा के साथ।”

“पाकिस्तान को अब उसके कर्मों की सजा मिल रही है”: किरण सिंह देव

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि पाकिस्तान ने निर्दोष पर्यटकों पर हमला कर न केवल कायरता दिखाई, बल्कि अपने विनाश को भी न्योता दे दिया। उन्होंने कहा कि देश की तीनों सेनाओं ने साहस और कुशलता के साथ पाकिस्तान में घुसकर आतंक के ठिकानों को ध्वस्त किया। “यह नया भारत है – जो न सिर्फ सहना बंद कर चुका है, बल्कि जवाब भी देता है,” उन्होंने कहा।

अगर हाथ उठाया तो काट दिया जाएगा”: बृजमोहन अग्रवाल

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने तिरंगा यात्रा में पाकिस्तान को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि अगर पाकिस्तान ने हाथ उठाया, तो वह हाथ काट दिए जाएंगे। “हमारी सेना ने साबित कर दिया है कि भारत अब सिर्फ सहने वाला देश नहीं रहा, बल्कि मारकर जवाब देने वाला देश बन गया है।”

सर्व समाज मंच की भव्य तिरंगा यात्रा: सेना को श्रद्धांजलि और समर्थन का प्रदर्शन

इस अवसर पर सर्व समाज मंच के तत्वावधान में तेलीबांधा मरीन ड्राइव से लेकर नगर घड़ी चौक तक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। ‘हम सेना के साथ हैं’, ‘भारत माता की जय’, ‘ऑपरेशन सिंदूर अमर रहे’ जैसे नारों से गगनभेदी जयघोष करते हुए लोग सड़कों पर निकले। हाथों में तिरंगा लिए, सेना के चित्र उठाए हुए नागरिकों ने देशभक्ति का दुर्लभ उदाहरण प्रस्तुत किया।

इस यात्रा में साधु-संत, सैनिक परिवार, समाजसेवी संस्थाएं और हज़ारों की संख्या में आम जनता शामिल रही। उद्देश्य था– सेना के साहस को सलाम करना और यह संदेश देना कि देश की 140 करोड़ जनता भारत की सैन्य शक्ति और नेतृत्व के साथ खड़ी है।

प्रमुख हस्तियां जो रही मौजूद:

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, केंद्रीय मंत्री तोखन साहू, मंत्री रामविचार नेताम, केदार कश्यप, ओपी चौधरी, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक, विधायक मोती साहू, सांसद सुनील सोनी, पूर्व आईएएस अनुज शर्मा, गुरु खुशवंत साहिब, प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव, प्रदेश उपाध्यक्ष शिवरतन शर्मा, मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी, महापौर मीनल चौबे, सीजीएमएससी अध्यक्ष दीपक म्हस्के, युवा आयोग अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, आरडीए अध्यक्ष नंदकुमार साहू, और कई अन्य गणमान्य नेता, सामाजिक कार्यकर्ता, नगरसेवक और नागरिक इस तिरंगा यात्रा में शामिल हुए

रायपुर की यह तिरंगा यात्रा न केवल पाकिस्तान को चेतावनी थी, बल्कि यह भारत के एकजुट और जागरूक नागरिकों की आवाज़ थी – जो सेना के साथ खड़े हैं, और हर दुश्मन को जवाब देने के लिए तैयार हैं। ऑपरेशन सिंदूर की सफलता और राष्ट्रभक्ति की इस अद्वितीय झलक ने छत्तीसगढ़ की राजधानी को गौरव से भर दिया।

 

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.