March 15, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

कोरबा में महिला फुटबॉल का महाकुंभ अब 5 से 11 जून तक, ग्राम सुराज कार्यक्रम के चलते बदली गई तिथियां

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/  कोरबा। खेलप्रेमियों के लिए खुशखबरी है! कोरबा जिले में आयोजित होने वाली अखिल भारतीय महिला फुटबॉल चैंपियनशिप की तिथि में बदलाव किया गया है। पहले यह भव्य आयोजन 18 से 25 मई 2025 के बीच निर्धारित था, लेकिन राज्य शासन के ग्राम सुराज कार्यक्रम के चलते इसकी तिथियों को संशोधित करते हुए अब यह प्रतियोगिता 05 जून से 11 जून 2025 तक घंटाघर ओपन थिएटर मैदान, कोरबा में आयोजित की जाएगी।

इस संबंध में महिला फुटबॉल महासंघ की प्रदेश अध्यक्ष एवं महापौर संजू देवी राजपूत के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने 14 मई 2025 को कलेक्टर और खेल अधिकारी को पत्र एवं ज्ञापन सौंपते हुए औपचारिक रूप से तिथि परिवर्तन की सूचना दी।

प्रतियोगिता की कमान महासंघ के प्रदेश सचिव साजी टी जान को सौंपी गई है, जो आयोजन की संपूर्ण व्यवस्था और समन्वय का नेतृत्व करेंगे। आयोजन की तैयारियाँ जोर-शोर से चल रही हैं, और इसे राज्य की सबसे प्रतिष्ठित महिला फुटबॉल प्रतियोगिता के रूप में आयोजित करने का लक्ष्य है।

इस वर्ष की प्रतियोगिता और भी विशेष इसलिए होगी क्योंकि इसी दौरान मुख्यमंत्री कप कोरबा 2025 के तहत 44वीं सीनियर राष्ट्रीय महिला फुटबॉल चैंपियनशिप का आयोजन भी किया जा रहा है। इस राष्ट्रीय आयोजन के तहत देशभर की दस प्रमुख महिला फुटबॉल टीमें हिस्सा लेंगी।

राष्ट्रीय महासचिव शेख जावेद ने बताया कि यह आयोजन राष्ट्रीय फुटबॉल संघ के नियमों के अनुरूप होगा और इसका उद्देश्य महिला फुटबॉल खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर का मंच देना और उनके खेल कौशल को निखारना है। उन्होंने यह भी बताया कि यह आयोजन कोरबा को महिला खेलों के एक नए केंद्र के रूप में स्थापित करेगा।

प्रतियोगिता न केवल खिलाड़ियों के लिए सुनहरा अवसर होगी, बल्कि यह कोरबा के खेलप्रेमियों के लिए सांस्कृतिक और खेल महोत्सव से कम नहीं होगा। रात्रिकालीन मैचों की रोशनी, दर्शकों का उत्साह और खिलाड़ियों का जोश – यह सब मिलकर कोरबा को फुटबॉल के रंग में रंग देगा।

प्रतिनिधिमंडल में दिब्येन्दु मृधा, सुनीता देवांगन, जानकी साहू, स्मिता सिंह, हेमंत साहू सहित कई पदाधिकारी मौजूद थे। आयोजन समिति ने सभी खेलप्रेमियों से आग्रह किया है कि वे इस महाउत्सव में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाएं और महिला फुटबॉल को नया आयाम देने में सहभागी बनें।

 

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.