“महारानी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती पर भाजपा की कार्यशाला: सुशासन, महिला सशक्तिकरण और सांस्कृतिक पुनर्जागरण पर हुआ मंथन”




त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ रायपुर। पुण्यश्लोका महारानी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा एकात्म परिसर, रजबंधा मैदान में जिला अध्यक्षों की कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सुशासन, महिला सशक्तिकरण और सांस्कृतिक पुनर्जागरण जैसे अहम विषयों पर व्यापक चर्चा हुई।
कार्यशाला की मुख्य वक्ता उत्तरप्रदेश महिला आयोग की पूर्व उपाध्यक्ष सुषमा सिंह ने कहा कि अहिल्याबाई का 26 वर्षों का शासन राज-व्यवस्था, न्याय और जनकल्याण का अद्वितीय उदाहरण है। उन्होंने बताया कि अहिल्याबाई के शासनकाल में कभी अकाल नहीं पड़ा, क्योंकि उन्होंने कृषि, पर्यावरण और जनकल्याण को प्राथमिकता दी। उन्होंने महारानी को महिला सशक्तिकरण की प्रतीक बताते हुए कहा कि जैसे आज प्रधानमंत्री मोदी के शासन में महिला नेतृत्व को प्रोत्साहन मिल रहा है, वैसा ही अहिल्याबाई ने भी अपने समय में किया था।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि अहिल्याबाई के योगदान और सुशासन की विरासत को कांग्रेस शासनकाल में छुपाया गया। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब ऐतिहासिक सत्य उजागर हो रहा है। उन्होंने बताया कि रानी अहिल्याबाई ने मंदिरों के निर्माण, शिक्षा और सामाजिक कल्याण में जो योगदान दिया, वह आज भी प्रेरणास्रोत है।
क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी रानी अहिल्याबाई के मार्ग का ही अनुसरण कर रहे हैं। उन्होंने उनके न्यायप्रिय और संवेदनशील प्रशासन का उदाहरण देते हुए बताया कि वे सामाजिक मर्यादा व युद्ध कौशल दोनों में दक्ष थीं। उन्होंने कार्यकर्ताओं को कार्यशालाओं को व्यापक स्वरूप देने हेतु सुझाव भी आमंत्रित किए।
प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने 16 से 30 मई तक आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। इसमें कार्यशालाएं, सार्वजनिक प्रदर्शनियां, मंदिरों की सफाई, विद्यालयों में गोष्ठी, महिला सम्मान समारोह, तिरंगा यात्रा, सिंदूर यात्रा आदि शामिल हैं। इन आयोजनों का उद्देश्य अहिल्याबाई के विचारों और कार्यों को जन-जन तक पहुंचाना है।
प्रदेश संयोजक नारायण चंदेल ने बताया कि महारानी अहिल्याबाई की 300वीं जयंती के निमित्त 21 से 31 मई तक प्रदेश भर में विशेष कार्यक्रम होंगे। उन्होंने कांग्रेस पर इतिहास को तोड़-मरोड़कर प्रस्तुत करने का आरोप लगाते हुए कहा कि मोदी सरकार ने ऐतिहासिक पुनर्स्थापन का कार्य किया है।

भाजपा महिला मोर्चा की शताब्दी पांडे ने कहा कि अहिल्याबाई ने सामाजिक समरसता का उदाहरण प्रस्तुत किया और स्त्री धन का उपयोग विधवा, गरीबों व वंचितों के कल्याण के लिए किया। उन्होंने विधवा विवाह को प्रोत्साहित किया और महिलाओं की शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया।
विधायक भावना बोहरा ने कहा कि 18वीं शताब्दी में महारानी अहिल्याबाई ने जो कार्य किए, उन्हीं रास्तों पर आज प्रधानमंत्री मोदी की सरकार चल रही है। उन्होंने अहिल्याबाई की न्याय प्रणाली, पंचायती राज, अस्पृश्यता निवारण, सांस्कृतिक पुनर्जागरण और मंदिरों के संरक्षण पर प्रकाश डाला।
कार्यशाला में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष शिवरतन शर्मा ने एक राष्ट्र एक चुनाव अभियान पर चर्चा की, युवा आयोग अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर व आईटी सेल प्रमुख दीपक म्हस्के ने संगठनात्मक दिशा-निर्देश दिए। महारानी अहिल्याबाई के जीवन पर एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई।
कार्यक्रम का संचालन शंकर अग्रवाल ने किया और आभार महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष शालिनी राजपूत ने माना।
इस महत्वपूर्ण कार्यशाला में सांसद संतोष पांडेय, रूपकुमारी चौधरी, विधायक धरमलाल कौशिक, मोतीलाल साहू, प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव, जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर, महापौर मीनल चौबे, पूजा विधानी, संजय पांडेय, राम नरेश राय सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


