महारानी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती पर बीजेपी आयोजित करेगी राज्यव्यापी कार्यक्रम, 14 मई को कार्यशाला




त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ रायपुर। महारानी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा 21 मई से 30 मई तक प्रदेशभर में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। पार्टी ने इस आयोजन को भव्य रूप देने की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
इस कार्यक्रम के संयोजक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता नारायण चंदेल ने जानकारी दी कि जयंती के अवसर पर प्रदेश के विभिन्न जिलों में व्याख्यानमालाएं, संगोष्ठियां, व प्रर्दशनियां आयोजित की जाएंगी। इन आयोजनों का उद्देश्य महारानी अहिल्याबाई होलकर के आदर्शों, उनके जनकल्याणकारी कार्यों और प्रशासनिक दक्षता को जनमानस तक पहुंचाना है।
इस क्रम में 14 मई को राजधानी रायपुर स्थित भाजपा कार्यालय, एकात्म परिसर में एक प्रादेशिक प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यशाला में भाजपा के राष्ट्रीय एवं प्रांतीय पदाधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। इनमें राष्ट्रीय नेत्री सुषमा सिंग, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जमवाल, संगठन महामंत्री पवन साय, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक, सभी जिला अध्यक्षगण और जिलों में बनी आयोजन समितियों के पदाधिकारी शामिल होंगे।
कार्यशाला में आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की जाएगी एवं वरिष्ठ नेताओं द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए जाएंगे। भारतीय जनता पार्टी का लक्ष्य है कि महारानी अहिल्याबाई होलकर की प्रेरणादायी जीवन यात्रा को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाए और समाज में उनके मूल्यों की पुनर्स्थापना की जाए।


