भारतीय सशस्त्र बलों के सम्मान में “तिरंगा यात्रा” का आयोजन, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रहेंगे सहभागी




ऑपरेशन ‘सिंदूर’ की ऐतिहासिक सफलता पर राष्ट्र गौरव का उत्सव, 14 मई को मरीन ड्राइव से होगी यात्रा की शुरुआत
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ रायपुर। आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक और सफल रणनीतिक कार्रवाई के पश्चात भारत की सुरक्षा एजेंसियों की सफलता को समर्पित “तिरंगा यात्रा” का आयोजन आगामी 14 मई, बुधवार को किया जा रहा है। इस आयोजन का उद्देश्य देश की सशस्त्र सेनाओं के अदम्य साहस, बलिदान और राष्ट्र की सुरक्षा हेतु उनके योगदान को सम्मानित करना है। यात्रा का शुभारंभ शाम 4:00 बजे रायपुर के तेलीबांधा मरीन ड्राइव से होकर नगर घड़ी चौक तक किया जाएगा।
इस ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय भी शामिल होंगे। आयोजन में समस्त समाज, सभी धर्मों के प्रतिनिधि, सामाजिक संगठन, युवावर्ग और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक अपनी सहभागिता दर्ज कराएंगे।
इस आयोजन की पृष्ठभूमि में “ऑपरेशन सिंदूर” की शानदार सफलता है, जिसमें भारत ने कई आतंकी ठिकानों को ध्वस्त किया और आतंकी संगठनों जैसे जैश-ए-मोहम्मद व लश्कर-ए-तैयबा पर गहरी चोट की। इस ऑपरेशन में:
ड्रोन हमलों के माध्यम से 9 बड़े आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया,
लगभग 100 आतंकियों का सफाया किया गया,
पाकिस्तान सीमा पर सभी हमलों को सफलतापूर्वक नाकाम किया गया,
आतंकी शिविरों और उनके प्रशिक्षण केंद्रों को पूरी तरह ध्वस्त किया गया,
भारत की सीमाओं पर शांति और सुरक्षा सुनिश्चित की गई।
इस राष्ट्रीय गौरव के क्षण में “राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए नागरिक” नामक संगठन द्वारा तिरंगा यात्रा का आह्वान किया गया है। आयोजकों ने समस्त देशवासियों से अपील की है कि वे इस यात्रा में सम्मिलित होकर भारत की एकता, अखंडता और सेनाओं के प्रति सम्मान का परिचय दें।
“जय हिंद! जय भारत!” के नारों के साथ गूंजने वाली यह यात्रा, भारतीय आत्मबल और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक बनकर उभरेगी।


